
नैनीताल, 30 मई (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल में शुक्रवार को अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। यह शपथ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जे नरेंद्र ने न्यायालय कक्ष में आयोजित समारोह के दौरान दिलाई। सुभाष उपाध्याय के शपथ ग्रहण के साथ ही उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की कुल संख्या 11 में से 10 हो गई है, जिसमें से एक पद अभी रिक्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समारोह की शुरुआत में रजिस्ट्रार जनरल कहकशा खान ने राष्ट्रपति की ओर से जारी अधिसूचना का वाचन किया। इसके बाद अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय ने विधिवत अतिरिक्त न्यायाधीश पद की शपथ ली। इस अवसर पर न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता व गणमान्यजन मौजूद रहे।
उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की वर्तमान स्थिति
इस समय उत्तराखंड उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जे नरेंद्र के अतिरिक्त न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा कार्यरत हैं। अब न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय के सम्मिलित होने से न्यायाधीशों की कुल संख्या 11 में से 10 पूरी हो चुकी है।
(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
