
हरिद्वार, 21 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) शनिवार को कोर विश्वविद्यालय रुड़की के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और उपाधि प्रदान की। उन्होंने विश्वविद्यायल में आयोजित ज्ञान समागम की स्मारिका का अनावरण भी किया।
दीक्षांत समोराह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आप सभी अपने जीवन के एक नए चरण में प्रवेश करने जा रहे हैं। आपके समक्ष नई-नई चुनौतियां और अवसर होंगे। आप सभी अपनी मेहनत और कार्यकुशलता से चुनौतियों को अवसरों में बदलें। आज तेज गति से बदल रही दुनिया को देखते हुए हमें भी लीक से हटकर सोचना होगा। आप रोजगार हेतु कतार में लगने की बजाय स्वयं रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस संस्थान में प्राप्त ज्ञान और कौशल के बल पर विद्यार्थी उन चुनौतियों का सामना करने और उभरते अवसरों का लाभ उठाने में सक्षम होंगे।
राज्यपाल ने कहा कि आज सचमुच आप सभी को देखकर लग रहा कि हमारी युवा शक्ति, हमारे स्वप्न हमको विकसित भारत की ओर लेकर जा रहे हैं। यह खुशी की बात है कि मेडल एवं उपाधि प्राप्त करने वालों में हमारी बेटियों की संख्या अधिक है। राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों से कहा कि आप उपाधि प्राप्त कर राष्ट्र, समाज और जनहित में कार्य करेंगे। यहां से निकलने के उपरांत आपको सोच, विचार और धारणा से कार्य करना होगा। आपकी जिम्मेदारियां और भी बढ़ने वाली हैं।
राज्यपाल ने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक भारत का है, जिसमें हमारे युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नया भारत आज तेज गति से विकास यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यस्था बन चुका है और अब हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बनने की ओर अग्रसर हैं जिसमें युवाओं की बड़ी भागीदारी होगी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की प्रथम ”सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी सत्र 2021-24” मुस्कान पाण्डेय, दूसरी ”सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी सत्र 2021-23” इशिका शर्मा एवं तीसरी ”सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी सत्र 2022-24” अभिषेक जैन को प्रदान की। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. मनीष कुमार ने की। कुलसचिव प्रो. अंकुश मित्तल ने विश्वविद्यालय की विगत वर्ष की वार्षिक रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण दियाा।
—————
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
