
नई दिल्ली, 18 मार्च (Udaipur Kiran) । राजधानी दिल्ली के तापमान में लगातार दूसरे दिन भी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 कम 30.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 कम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी सतही हवा की रफ्तार दोपहर बाद 16-20 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई और कई स्थानों पर इनकी रफ्तार 30 किलोमीटर प्रतिघंटा भी रही।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी सतही हवा की रफ्तार तेज रहेगी और ये आंधी का रूप भी ले सकती हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के निगरानी केंद्र सफदरजंग में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 कम 14.6 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि पालम में 0.6 कम 15.8, लोधी रोड़ 1.2 कम 13.8, रिज क्षेत्र 4.4 कम 13.3 व आयानगर में 1.7 कम 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
पालम व आयानगर में अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। पालम में जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा, वहीं आयानगर में 1.4 डिग्री कम रहा। हालांकि मंगलवार को मौसम साफ रहा। मौसम विभाग ने बुधवार 19 मार्च व गुरुवार 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जाहिर की है। साथ ही कहा कि इस दौरान चलने वाली सतही हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती हैं। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 31-33 व न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री रहने की संभावना है। जबकि 20 मार्च को अधिकतम तापमान बढ़कर एक बार फिर 33 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा सकता है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजयालक्ष्मी
