Madhya Pradesh

अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाकर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा को और मजबूती देंः विष्णुदत्त शर्मा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर नगर एवं ग्रामीण की बैठक को संबोधित किया

जबलपुर, 30 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को जबलपुर नगर एवं ग्रामीण की बैठक को भाजपा संभागीय कार्यालय में संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व के दूसरे चरण में अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाकर पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा को और मजबूती देना है। बूथ समिति को और अधिक सक्रिय करके सदस्यता में जबलपुर नगर एवं ग्रामीण को प्रदेश में अव्वल लाने का कार्य करें। जिस तरह से पहले चरण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास रचा है, उसी प्रकार दूसरे चरण में भी अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाना है। लोगों को भाजपा परिवार से जोड़कर भाजपा परिवार का विस्तार करना है। संगठन पर्व सिर्फ सदस्य बनाने का अभियान नहीं है, बल्कि देश को सशक्तिकरण करने का माध्यम भी है।

अधिक से अधिक सदस्य बनाने कार्यकर्ता पूरी ताकत लगा दें

वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि हमें एक करोड़ युवा सदस्य बनना है, जो आने वाले 2047 में भारत का नेतृत्व करेंगे। इस महान संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान मे अपनी पूरी ताकत लगाकर कार्य करना है। भाजपा कार्यकर्ता उमंग व उत्साह के साथ बूथ पर जाकर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएं। बूथ विजय अभियान का ही परिणाम है कि भाजपा को विधानसभा चुनावों में 163 सीटों एवं लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटों पर विजय हासिल हुई है। बूथ जीता, चुनाव जीता को लेकर जो कार्य पहले किए गए हैं, उससे भाजपा बूथों पर मजबूत हुई है। बूथों पर भाजपा को और मजबूती देने के लिए अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाएं।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण करने भाजपा से जुड़ रहे लोग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की जनता का भाजपा पर अटूट विश्वास है। भाजपा की केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं ने लाखों लोगों को स्वरोजगार देने का कार्य किया है। देश के 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए हैं। लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत योजना और उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिला है। यह सभी लाभार्थी भाजपा के साथ जुड़ना चाहते हैं, घर-घर जाकर इन्हें भी भाजपा परिवार का सदस्य बनाएं।

बूथ के नेटवर्क को और अधिक सक्रिय करना है

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे सशक्त बूथ तंत्र हमारे पास है। आवश्यकता है उसे अधिक सक्रिय कर कार्य पर लगाने की। निश्चित रूप से अगर सभी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से जुट जाएंगे तो पार्टी निर्धारित लक्ष्य से आगे जाकर सदस्यता अभियान में देश में अपना एक रिकॉर्ड बनाएगी। शक्ति केंद्रां में जाकर पार्टी के सदस्यता अभियान को और कैसे मजबूत बनाया जाए इस दिशा में काम करने की आवश्यकता है। जबलपुर नगर और ग्रामीण में जिस प्रकार विधानसभा व लोकसभा चुनाव में पार्टी को अभूतपूर्व सफलता प्राप्त हुई है उसके लिए यहां उपस्थित सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

कांग्रेस के पूर्व महासचिव को दिलाई भाजपा की सदस्यता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर नगर की बैठक के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव लक्ष्मी बैन, इंजीनियर तरुण दुबे, एडवोकेट आशीष प्रजापति, जयंत सिंह, संतोष सिंह, रवि त्रिपाठी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top