
धमतरी, 24 मार्च (Udaipur Kiran) ।हम सभी गोसेवा की बात सुनते रहते हैं, लेकिन कोई परिवार गाय को अपने परिवार के सदस्य की तरह रखे, उसका जन्मदिन मनाए…..ऐसा कम ही देखने को मिलता है। गोसेवा, गोप्रेम की ऐसी मिसाल उन कथित गोसेवकों के लिए एक सीख है जो गोसेवा का ढोंग करते रहते हैं। सोरिद वार्ड के सिन्हा परिवार ने एक बछिया का जन्मदिन मनाया, केक काटा, प्रीतिभोज में सैंकड़ों को खाना खिलाया जिसकी शहर में प्रशंसा हो रही है।
सनातन धर्म में गोसेवा को सबसे बड़ी सेवा का दर्जा दिया गया है। रविवार 23 मार्च को शहर के सोरिद वार्ड में गोसेवा का प्रेरक मिसाल देखने को मिला। सोरिद निवासी बाबूलाल सिन्हा ने अपने घर के बछिया राधिका का जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया। जन्मोत्सव के पूर्व कार्ड छपवाकर 300 लोगों को न्योता दिया। सुबह वार्ड में ही सत्यनारायण की कथा कराई। घर के गेट को आकर्षक रूप से सजाया। पंडाल लगाकर स्टेज भी बनवाया। देर शाम बछिया के नाम से केक भी काटा गया। यही नहीं बर्थ-डे पार्टी की तर्ज पर प्रीतिभोज का भी आयोजन किया, जिसमें 300 से अधिक लोग शामिल हुए।
सोरिद वार्ड निवासी बाबूलाल सिन्हा ने बताया कि लगभग 3 साल पहले वार्ड में कुत्तों का झुंड एक गाय को काटने के लिए दौड़ा रहे थे। कुत्तों ने ने गाय को कई जगह काट लिया था। गाय को अपने घर में लाकर इलाज कराया। ठीक होने के बाद उसे घर में ही रखकर गौसेवा करने लगा। परिवार वालों ने इस गाय का नाम लक्ष्मी रखा। 3 माह पूर्व लक्ष्मी ने एक बछिया को जन्म दिया। बछिया को अपंगता का लक्षण था। तीन पैर नहीं चल रहे थे। पशु चिकित्सक से इलाज कराया। बछिया का आपरेशन हुआ। कुछ ही दिनों में बछिया राधिका पूरी तरह से ठीक हो गई। इस खुशी और गोसेवा को लेकर ही ही उन्होंने यह सारा आयोजन किया है।
लक्ष्मी, राधिका मिलाकर छह सदस्य-सोरिद वार्ड निवासी बाबूलाल सिन्हा ने बताया कि उसके परिवार में कुल चार सदस्य हैं। जबसे लक्ष्मी और राधिका आए तब से उनका परिवार छह हो गया। दोनों को पूरा परिवार अपने परिवार की तरह की रखते हैं। इधर जन्मोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे नूतन कामरानी, रामकुमार सिन्हा, कृष्ण कुमार साहू, नंदकिशोर यादव ने कहा कि ऐसी सेवा अतुलनीय है। बाबूलाल ने गोसेवा की मिसाल पेश की है। गाय और बछिया को पूरा परिवार अपने कलेजा से लगाकर रखता है। यह सबसे बड़ी बात है। उनके इस नेक कार्य की सभी खुले दिल से प्रशंसा कर रहे हैं।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
