HimachalPradesh

पहली बार वृंदावन जा रही एचआरटीसी की बस पर पंजाब में पत्थरबाजी, फ्रंट शीशा टूटा

पत्थरबाजी में एचआरटीसी की बस का टूटा शीशा।

धर्मशाला, 29 मई (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम एचआरटीसी की बस पर पंजाब में एक बार फिर हमला हुआ है। यह वही बस है जिसे बुधवार को कांगड़ा जिला के शक्तिपीठ श्री चामुंडा धाम से वृंदावन के लिए पहली बार रवाना किया गया था। घटना बुधवार देर रात की है जब पंजाब के नंगल भानुपल्ली के समीप बाइक सवार तीन युवकों ने बस पर पत्थर से हमला कर दिया। इस घटना में बस का अगला शीशा टूट गया वहीं चालक को भी चोटें आई हैं।

बस में सवार यात्रियों के अनुसार अंधेरे में तीन युवकों ने बस पर तीन बार पत्थर मारे। इससे बस का फ्रंट मिरर टूटा। शीशे के टुकड़े यात्रियों और ड्राइवर पर गिरे। घटना के बाद बस को करीब आधा घंटा भानुपल्ली के पास खड़ा रखा गया और पुलिस को शिकायत दी गई।

इसके बाद एचआरटीसी के उच्च अधिकारियों को सूचना के बाद बस वृंदावन के लिए रवाना की गई।

गौर हो कि अप्रैल में हिमाचल की कई बसों को पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में खालिस्तानी समर्थकों ने निशाना बनाया था। इसके बाद कुछ दिन हिमाचल ने पंजाब में नाइट स्टे करने वाली बसों को बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करने के बाद माहौल सामान्य होने के बाद अप्रैल में ही बस सेवा शुरू की गई थी।

(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया

Most Popular

To Top