CRIME

पत्थर खदान के कर्मी की पिटाई से  मौत, लोगों में आक्रोश

आक्रोशित लोग

नवादा, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । नवादा जिले में निर्माणाधीन क्रशर प्लांट के एक कर्मी की बेरहमी से पिटाई की गयी। गंभीर रूप से घायल कर्मी की मौत इलाज के दौरान पटना में सोमवार को हो गई। थाली थाना क्षेत्र के खखंदुआ पत्थर खदान के पास शुक्रवार की रात घटना को अंजाम दिया गया था। राजधानी पटना के अपोलो अस्पताल में कर्मी की मौत हुई। शव को सोमवार को सदर अस्पताल नवादा लाकर पोस्टमार्टम कराया गया।

बताया जाता है कि खखंदुआ पहाड़ी का कुछ हिस्सा नालंदा जिले के पटेल एग्रो नामक कंपनी को पत्थर उत्खनन के लिए आवंटित हुआ है। वहां खनन का काम शुरू करने के पूर्व क्रशर प्लांट लगाने का काम चल रहा है। इस प्लांट की सुरक्षा के लिए रात्रि प्रहरी का काम पास के नाद गांव के विनोद सिंह किया करते थे।

शुक्रवार की रात विनोद सिंह अपने ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उनके साथ बुरी तरह से मारपीट किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सदर अस्पताल नवादा लाया गया। जहां सीटी स्कैन कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हायर संस्थान रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें अपोलो अस्पताल पटना ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। सोमवार को सदर अस्पताल नवादा में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

इस मामले में कुछ हमलावरों में मुन्ना यादव, सुधीर यादव, महेश यादव, कपिल यादव, कारू यादव सहित अन्य के नाम सामने आए हैं। घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूर्व विधायक के नजदीकी थे मृतक

मृतक व उनका परिवार भाजपा नेता व हिसुआ के पूर्व विधायक अनिल सिंह के काफी नजदीकी थे। मौत की खबर के बाद वे सदर अस्पताल पहुंच गए थे। सोमवार को भी पोस्टमार्टम के वक्त सदर अस्पताल में मौजूद थे। पूर्व विधायक के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता सहित भाजपा के कई नेता भी पोस्टमार्टम होने तक सदर असप्ताल में डटे हुए थे। घटना से लोगों में आक्रोश है।

घटना को लेकर कई तरह की चर्चा

घटना के पीछे रहे कारणों को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि कोई बाहरी व्यक्ति यहां पत्थर खनन करे, यह उन लोगों को कबूल नहीं था। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि हमलावर बदमाश भी खदान में काम चाह रहे थे। संवेदक के इंकार करने पर काम में खलल डालने के लिए ऐसा किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / संजय कुमार सुमन

Most Popular

To Top