
प्रयागराज,16 मई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई ने शुक्रवार को वर्ष 2022 में कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में गुजरात के व्यापारी से हुई 30 लाख की लूट मामले में फरार पचास हजार के इनामी अपराधी को मुंबई से गिरफ्तार किया। यह जानकारी एसटीएफ के प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार इनामी महाराष्ट्र के इस्ट मुम्बई जनपद में स्थित डौसी मलाड थाना क्षेत्र के बडारी पारस 5 बाउंड्री चौक के पास निवासी संजू डोकरे पुत्र सुनका डोकरे है। इसके खिलाफ लूट व छिनैती समेत 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज है। इसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने पचास हजार का इनाम घोषित किया था। यह रवि पुजारी गैंग का सक्रिय सदस्य था।
इसके खिलाफ कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाने में वर्ष 2022 गुजरात के व्यापारी से हुई 30 लाख की लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से यह फरार था। पुलिस इसकी तलाश में लगी हुई थी। जबकि इस वारदात में शामिल रहे रोशन यादव, कीर्ति सिंह सोलंकी, विपुल पटेल व अन्य जेल जा चुके है।
प्रयागराज फील्ड इकाई के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश रावत व उनकी पूरी टीम को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार और मुख्य आरक्षी अजय सिंह यादव, उदय प्रताप सिंह, अजय कुमार यादव व चालक अखंड प्रताप सिंह के साथ मुंबई पहुंचे और उसे गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
