
लखनऊ, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गांधी जयंती को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झंडेवाला पार्क अमीनाबाद से गांधी प्रतिमा हजरतगंज तक रामधुन रघुपति राघव राजाराम गाते हुए प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी का समापन होने पर प्रदेश अध्यक्ष ने हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। प्रभात फेरी में जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी एवं डॉ. शहजाद आलम समेत सैकड़ों की संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने समापन के अवसर पर कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता सग्राम सेनानी मसुरियादीन पासी की आज जयंती के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हमारे आदर्श हैं। उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को हमें आत्मसात करना है। जिस प्रकार इन्ही सिद्धांतों पर चलकर भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराया गया था। कांग्रेस पार्टी भी उनके सत्याग्रह, सविनय अवज्ञा, करो या मरो के सिद्धांतों के प्रयोग से भाजपा सरकार की तानाशाही के खिलाफ लड़ रही है।
(Udaipur Kiran) / श.चन्द्र
