
भोपाल, 31 मई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री ड़ॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकी सरकार और आतंकवादियों को धूल चटाई। पूरा देश उनका अभिनंदन कर रहा है। जिन आतंकियों ने बहनों का सिंदूर उजाड़ने का काम किया, उन्हें सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि भारत ने जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की उपलब्धि हासिल की है। मध्य प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में शिखर पर पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ड़ॉ. यादव शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भोपाल में जम्बूरी मैदान पर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वागत उद्बोधन में कहा कि दुनिया के सबसे बड़े गणतंत्र के नायक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देवी अहिल्याबाई होल्कर की पावन धरा पर पधारे हैं। हमारे लिए आज का दिन अद्वितीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्या महारानी का जन्म 300 वर्ष पूर्व हुआ। उन्होंने एक आदर्श बहू और आदर्श पत्नी रहते हुए शासन चलाया। देवी अहिल्या ने घर के धन और शासन के धन का अंतर बताया। उनके कार्यकाल को देखा जाए तो आज अहिल्या माता के सुशासन के आधार पर ही पूरा शासन तंत्र चल रहा है। मध्य प्रदेश में विगत 500 साल के काल पर नजर डालें तो गोंडवाना की रानी अवंतीबाई ने तीन बार अकबर को धूल चटाई थी। इसी प्रकार रानी दु्र्गावती ने भी मुगलों के सामने कभी भी आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया। ग्वालियर की राजमाता सिंधिया ने भी भारतीय लोकतंत्र को मजबूत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इंदौर की सुमित्रा ताई को लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर प्रदेश का मान बढ़ाया। आज राष्ट्रपति भी एक महिला हैं। अहिल्या देवी की 300वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वी.डी. शर्मा, मंत्रीगण प्रहलाद सिंह पटेल, चैतन्य कुमार काश्यप, संपतिया उइके, निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, भोपाल सांसद आलोक शर्मा और भोपाल महापौर मालती राय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में इंदौर से केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू तथा प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, दतिया से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू तथा प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एंदल सिंह कंषाना, सतना से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल तथा प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल वर्चुअली शामिल हुए।
(Udaipur Kiran) तोमर
