
श्रीगंगानगर, 11 मई (Udaipur Kiran) । भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीते दिनों चला तनाव अब थम गया है। हालात सामान्य होते ही जिला प्रशासन ने श्रीगंगानगर को ग्रीन जोन घोषित कर दिया है। इसके बाद जनजीवन फिर से पटरी पर लौटने लगा है। बाजारों में रौनक लौट आई है। दुकानों के शटर खुलते ही सड़कों पर चहल-पहल दिखने लगी।
तनाव के चलते शुक्रवार शाम प्रशासन और व्यापारियों की बैठक हुई थी। इसमें तय हुआ था कि बाजार शाम 7 बजे बंद किए जाएंगे। शनिवार को एहतियातन पूरे जिले में लॉकडाउन जैसी स्थिति रही। सभी दुकानें बंद रहीं। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई थी। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ा दी गई थी।
रविवार सुबह हालात सामान्य होने के संकेत मिले। प्रशासन ने बाजार खोलने की अनुमति दी। सुबह 9 बजे से दुकानों के शटर उठने लगे। 2 घंटे में बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। सुभाष चौक, नेहरू पार्क रोड, गोल बाजार, पुरानी आबादी, जवाहर नगर और शहर के अन्य हिस्सों में खरीदारों की भीड़ दिखी।
बाजार खोलने की अनुमति मिलने और लोगों के उमड़ने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। दुकानदारों ने कहा कि 2 दिन के सन्नाटे के बाद व्यापार शुरू होना उम्मीद जगाने वाला है। फुटकर व्यापारी, सब्ज़ी विक्रेता, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
प्रशासन ने साफ किया है कि अब दुकानें सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक खुल सकेंगी। सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। फिलहाल कोई विशेष पाबंदी नहीं है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में सकारात्मक माहौल है। एक दुकानदार ने कहा, “शुक्रवार और शनिवार को डर का माहौल था। अब बाजार खुलने से लग रहा है कि ज़िंदगी फिर से सामान्य हो रही है।”
—————
(Udaipur Kiran) / राजीव
