RAJASTHAN

श्री राम मंदिर आदर्श नगर में श्री राम नवमी महोत्सव पर भगवान को पचरंगी पोशाक कराई धारण

श्री राम मंदिर आदर्श नगर में श्री राम नवमी महोत्सव पर भगवान को पचरंगी पोशाक कराई धारण
श्री राम मंदिर आदर्श नगर में श्री राम नवमी महोत्सव पर भगवान को पचरंगी पोशाक कराई धारण

जयपुर, 6 अप्रैल (Udaipur Kiran) । आदर्श नगर स्थित श्रीराम मंदिर में रविवार को श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा की अद्वितीय छटा देखने को मिली। सुबह मंगला आरती से प्रारंभ हुए उत्सव में भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया और भक्ति में लीन होकर मंदिर परिसर को संकीर्तन और जयघोष से गुंजायमान कर दिया।

मंगला आरती के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विश्व कल्याण की भावना से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष हरचरण, महामंत्री अनिल खुराना, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण मलिक और रवि सचदेव ने हवन में आहुतियां अर्पित कीं। मुंबई से पधारे पंडित प्रेम प्रकाश दुबे के सान्निध्य में संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ, जिसमें भक्तगण श्रद्धा से सहभागी बने।

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने प्रभु श्रीराम का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें पंचरंगी पोशाक धारण कराई। ऋतुपुष्पों से किए गए मोहक श्रृंगार ने भक्तों का मन मोह लिया। मध्यान्ह 12:15 बजे जैसे ही भगवान की प्राकट्य आरती हुई, मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। घंटे, घड़ियाल और शंखनाद ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रीराम स्तुति का सामूहिक गायन भी किया गया।

महोत्सव में विधायक कालीचरण सराफ, गौसेवक रवि नैय्यर, पार्षद स्वाति परनामी, ऋतु मोतियानी, नीरज अग्रवाल समेत श्रीराम मंदिर प्रन्यास से शिवदत्त विरमानी, इंद्र कुमार चड्ढा, राजीव मनचंदा, अश्विनी बैरी, संजय आहूजा, जितेंद्र चड्ढा, संजीव धवन, हाकिम गेरा, अशोक भगत, किशोर मोतियानी, आशीष मेहता, डॉ. सुधीर सचदेव, डॉ. महेश पोपली, उमेश तनेजा, तुलसी संगतानी, नितिन भाटिया और गोपाल कृष्ण शर्मा सहित कई गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महिला मंडल की लक्ष्मी खुराना, सुशीला यादव, आशा बत्रा, सुदेश गुलाटी, मधु अरोड़ा, कांता आहूजा, उर्वशी गुलाटी, रीटा खुराना आदि ने जनम लिया मेरे रघुराई, अवध पुरी में बहार आई, पलकें ही पलकें बिछाएंगे जैसे भावपूर्ण बधाई गीत गाकर वातावरण को भक्ति से सराबोर कर दिया।

प्रभु को भोग अर्पित करने के बाद टॉफियों और फलों की उछाल हुई, जिससे बच्चों और श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। विशाल भंडारे में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। रात्रि में मंदिर परिसर को बिजली की झालरों और रंगीन रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे मंदिर प्रांगण जगमगा उठा। श्रीराम नवमी पर आयोजित यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, भोग और भावनाओं का अद्वितीय संगम बन गया।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top