

–वृंदावन से महेंद्र की हुंकार, श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का सपना होगा साकार
मथुरा, 28 अप्रैल (Udaipur Kiran) । वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के आह्वान पर 28 अप्रैल काे वृंदावन की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा। इस्कॉन मंदिर रमणरेती से लेकर प्रेम मंदिर तक मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला में प्रमुख संत महात्मा धार्मिक, सामाजिक, महिला संगठन हिंदूवादी संगठन, युवा, छात्र छात्राएं सिटीजन नागरिक और विदेशी भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए।
विशाल मानव श्रृंखला ने श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के सपने को साकार करने का देशव्यापी संदेश दिया और साथ ही आतंकवादियों को भारत में नेस्तनाबूत किए जाने के लिए एकजुटता दिखा कर अपनी शक्ति का भी प्रदर्शन किया। कश्मीर के पहलगाम और बंगाल के मुर्शिदाबाद हिंसा में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में राष्ट्रगान हुआ और इसके साथ ही मानव श्रृंखला एक रैली में तब्दील हो गई। वृंदावन का छटीकरा मार्ग जाम हो गया। हर तरफ हिंदू हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे करीब ढाई घंटे तक गूंजते रहे।
श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट की अगुवाई में मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। जन सैलाब को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब देश की शांति व्यवस्था को खतरा बन चुके लोगों के अंत की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और पाकिस्तान जो गीदड़ भभकी दे रहा है उसका नामोनिशान दुनिया के नक्शे से ही मिट जाएगा। अब वह दिन भी दूर नहीं जब मथुरा में भी भगवान श्री कृष्ण की जन्मभूमि अतिक्रमण से मुक्त होगी और वहां एक विशाल भव्य मंदिर बना होगा। आ गए हैं अवध बिहारी, अब आएंगे कृष्ण मुरारी के नारे को बुलंद करते हुए उन्होंने पूरी दुनिया के हिंदुओं को एकजुट करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह सब साधु संतों की कृपा से ही संभव होगा।
श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक उमेश योगी ने कहा कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यास की मांग को रखा है। भगवान श्री कृष्ण की जन्म भूमि मुक्त होनी चाहिए। भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। धर्म पूछकर पहलगाम में हिंदुओं की गई हत्या का बदला लिया जाना चाहिए। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए जुटे जन समर्थन को उनकी शक्ति याद दिलाई और कहा कि अब जुल्म करने वालों के खिलाफ हम सबको मिलकर लड़ना होगा। संत फूलडोल महाराज ने महेंद्र प्रताप सिंह को सफलता का आशीर्वाद देते हुए कहा कि अब देर नहीं होनी चाहिए, दुश्मनों को तो उनकी करनी की सजा मिलनी ही चाहिए। क्रांतिकारी संत सत्यमित्रा नंद महाराज ने क्रांति का ही बिगुल फूंकते हुए कहा कि भारत जल्द ही आतंकवादियों का खात्मा करके पहलगाम कांड के मृतकों की हत्या का बदला लेगा। महामंडलेश्वर डॉ आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि श्री कृष्ण जन्मभूमि को भी जल्द ही मुक्त कराया जाएगा ।
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार
