Uttar Pradesh

सपा का मॉडल कन्नौज का नवाब ब्रांड, भाजपा का मॉडल विकास और सुरक्षा : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मेरठ, 22 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता ने सपा का मॉडल कन्नौज का नवाब ब्रांड के रूप में देखा है। जबकि भाजपा सरकार का मॉडल विकास और सुरक्षा है। लोगों ने देखा है कि सपा नेता कन्नौज और अयोध्या में कैसे बेटियों के साथ व्यवहार करते हैं। लखनऊ में भी बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। उनके खिलाफ कार्रवाई होने पर सपा मुखिया बड़ी बेशर्मी के साथ उन दुष्कर्मियों के साथ खड़े दिखाई देते हैं।

मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कासमपुर खेला मार्ग स्थित बीआईटी कॉलेज में गुरुवार को वृहद रोजगार एवं ऋण मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपनी बेटी व बहनों की रक्षा नहीं कर सकता, उसका कोई भविष्य नहीं होता है। उस पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले का इंतजार अगले चौराहे पर यमराज ही कर रहा होगा। यह वही मुजफ्फरनगर है, दस वर्ष पहले दंगों की आग में झुलस रहा था। आज मुजफ्फरनगर दंगामुक्त है और कांवड़ यात्रा के साथ अपनी पहचान बना रहा है। इस पहचान के लिए विकास, सुरक्षा, युवाओं को काम, सरकारी नौकरी चाहिए। 2017 से पहले सरकारी नौकरी निकलती थी तो मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, सहारनपुर को उनसे बाहर कर दिया जाता था। आज मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, सहारनपुर के युवाओं, बेटी भी सरकारी नौकरी पाकर देश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।

–दो साल में दी जाएगी दो लाख सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने दो वर्ष का लक्ष्य रखा है। अगले दो वर्ष में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। पहली नौकरी की खेप 60 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती के रूप में दी जा रही है। कोई माई का लाल आपकी योग्यता पर प्रश्न नहीं उठा पाएगा। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसके लिए जेल के दरवाजे खुले हुए हैं। जो नौजवानों के हौसलों के साथ खिलवाड़ करेगा, उसकी सम्पत्ति को जब्त करेंगे। उस सम्पत्ति को गरीबों में बांटेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर दो लाख युवाओं के लिए नौकरी दी जा रही है और दूसरी ओर 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। बेटी सुरक्षित नहीं थी, व्यापारी का सम्मान नहीं था। किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। आज हम घोषणा करने की स्थिति में है कि बेटी सुरक्षित रहेगी और व्यापारी का सम्मान भी होगा। किसानों को योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। चीनी मिलों को सुदृढ़ किया जा रहा है। किसानों को समय पर गन्ना भुगतान करने की योजना बना रहे हैं। सपा सरकार में दंगे होते थे, आज पहचान का संकट नहीं है। मुजफ्फरनगर के माध्यम से गुड़ की मिठास पूरी दुनिया में देखने को मिल रही है। सुनियोजित विकास के माध्यम से पहचान पूरी दुनिया में पहुंच रही है। पौराणिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। भारत पूरी दुनिया की ताकत बन रहा है। सुरक्षा का कोई ईश्यू नहीं है। भाजपा और रालोद जनप्रतिनिधियों के विकास योजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृत कर दिया गया है। इसके लिए पैसा भी जारी किया जा रहा है।

–रालोद-भाजपा नेताओं के प्रस्तावों को मिल रही स्वीकृति

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 38 मार्गों का प्रस्ताव प्रदेश के मंत्रियों ने दिया है। रालोद व भाजपा जिलाध्यक्षों ने भी विकास के प्रस्ताव उपलब्ध कराए। मीरापुर क्षेत्र में मिनी स्टेडियम भी बनाया जाएगा। यहां के विकास के सभी प्रस्ताव स्वीकृत कर दिए गए हैं। मेरठ में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय बन रहा है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बच्चे ओलंपिक, एशियाड में पदक जीतेंगे। अभी तक 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है। देश के लिए पदक जीतने वालों का सरकारी नौकरी इंतजार कर रही होगी। हमारे पास सुरक्षा, विकास, स्वावलंबन की योजना है। उत्तर प्रदेश के पास सबसे ज्यादा युवा है। देश का सबसे युवा राज्य उत्तर प्रदेश है। इस युवा ऊर्जा का लाभ हम देश के विकास को मिलेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री केपी मलिक, रालोद विधायक राजपाल बालियान, विधायक प्रसन्न चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, एमएलसी वंदना वर्मा आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.कुलदीप त्यागी / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top