शिमला, 22 जनवरी (Udaipur Kiran) । शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के नोगली में बुधवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने मार्शल आर्ट प्रशिक्षक और उनकी साली को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना एनएच-05 पर घटी, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के घुमारवीं निवासी पंकज शर्मा (पुत्र स्व. इंदर जीत) डीएवी स्कूल, दत्त नगर में मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। पिछले दो वर्षों से वह नियमित रूप से रानी रत्न कुमारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नोगली में मार्शल आर्ट का अभ्यास करने और सिखाने के लिए आते हैं। बुधवार की सुबह वह अपनी धर्म बहन के साथ अभ्यास के लिए स्कूल पहुंचे थे।
अभ्यास समाप्त करने के बाद पंकज शर्मा और उनकी बहन एनएच-05 पर अपने आवास की ओर सड़क के दाईं ओर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान नोगली चौक से रामपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार भूरे रंग की बोलेरो कार (नंबर HP52B-9296) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बोलेरो कार के चालक की पहचान रतन सिंह डोगरा (46) के रूप में की है। रतन सिंह डोगरा गांव सुरु डाकघर कूट,तहसील रामपुर का रहने वाला है। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने पंकज शर्मा के बयान के आधार पर रामपुर थाने में धारा 281 और 125(ए) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया है। पंकज शर्मा ने पुलिस को बताया कि बोलेरो चालक लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चला रहा था जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-05 पर तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
पुलिस ने बोलेरो चालक रतन सिंह डोगरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा