
रांची, 6 जून (Udaipur Kiran) । प्रणामी ट्रस्ट की ओर से संचालित पुंदाग में बने राधा कृष्ण मंदिर में निर्जला एकादशी पूजा का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ शुक्रवार को मनाया गया। इस अवसर पर श्री राधा कृष्ण का भव्य अलौकिक श्रृंगार, विशेष पूजा अर्चना, महाप्रसाद भोग, भजन- कीर्तन एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया।
राज श्याम जी को फल, मेवा, चूरमा, पेड़ा का विधिवत भोग पुजारी अरविंद पांडे ने लगाया।
इसके बाद विधि विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। बाद में भजन कीर्तन के कार्यक्रम में महिलाओं ने सुमधुर भजनों से भक्तों को अमृत गंगा का रसपान कराते हुए खूब झुमाया।
मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं और महिलाओं ने हाथ जोड़कर परिवार के सुख शांति समृद्धि के लिए श्री राधा- कृष्ण से प्रार्थना की। सभी ने सामूहिक महाआरती में भाग लिया।
इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि निर्जला एकादशी व्रत हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण व्रत है। इस दिन श्री हरि विष्णु जी के व्रत एवं पूजन से समस्त दुखों से छुटकारा मिलता है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, संजय सर्राफ,पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, विशाल जालान, विष्णु सोनी, सुनील पोद्दार, सुरेश अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
