Madhya Pradesh

मप्र कांग्रेस कमेटी की कार्यसमिति एवं राजनीतिक मामलों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, संविधान बचाओ अभियान पर विशेष चर्चा

मप्र कांग्रेस कमेटी की बैठक संपन्न

भोपाल, 22 अप्रैल (Udaipur Kiran) । राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार काे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी एवं राजनीतिक मामलों की बैठक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, एवं कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कांग्रेस संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने, एवं आगामी आंदोलनों एवं अभियानों को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई।

बैठक का प्रमुख फोकस आगामी संविधान बचाओ अभियान पर रहा। निर्णय लिया गया कि 25 से 30 अप्रैल के बीच पूरे देश में संविधान बचाव रैली आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश में इस अभियान को 28 अप्रैल से ग्वालियर में एक भव्य रैली के साथ किया जाएगा।

अभियान तीन चरणों में विस्तारित होगा:

1. जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैलियाँ – 3 मई से 10 मई

प्रदेश के प्रत्येक जिले में समस्त DCC द्वारा PCC के समन्वय से रैलियाँ आयोजित की जाएँगी। इन रैलियों में मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियाँ – बढ़ती बेरोजगारी, महँगाई, कृषि संकट, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बदहाली आदि मुद्दों को उजागर किया जाएगा। युवाओं, किसानों, मजदूरों और दलित समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

2. विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैलियाँ – 11 मई से 17 मई

हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता जनजागरण करेंगे। ED, CBI, और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग, संवैधानिक संस्थाओं की अवहेलना, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों के अधिकारों पर हमलों को उजागर किया जाएगा।

3. घर-घर संपर्क अभियान –20 मई से 30 मई

हर घर तक पहुँचने के लिए कार्यकर्ता द्वार-द्वार जाकर संवाद स्थापित करेंगे। विशेष रूप से महँगाई, बेरोजगारी, संविधानिक अधिकारों के हनन जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। अभियान साहित्य वितरित कर, सोशल मीडिया के माध्यम से भी संवाद को सशक्त किया जाएगा।

हरीश चौधरी ने कहा कि संविधान पर हो रहे हमलों को रोकने और जनता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान निर्णायक साबित होगा।वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता इस आंदोलन को अपनी जिम्मेदारी माने और हर गाँव, हर वार्ड तक संविधान का संदेश लेकर जाए। यह बैठक संगठन को नई ऊर्जा देने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने एवं जनसंपर्क को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की दिशा में एक अहम पहल सिद्ध हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top