Jharkhand

रामगढ़ थाने का एसपी ने किया निरीक्षण, बेहतर कार्य के लिए किया सम्मानित

निरीक्षण करते एसपी अजय कुमार
निरीक्षण करते एसपी

रामगढ़, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । रामगढ़ एसपी अजय कुमार शनिवार को रामगढ़ थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्ष 2019 से 2024 तक लंबित कई कांडों को देखा और तत्काल निष्पादित करने का निर्देश दिया। रामगढ़ थाने पहुंचे एसपी को सबसे पहले गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद एसपी ने प्रतिनियुक्ति पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों का टर्न आउट चेक किया। सभी का टर्न आउट उच्च कोटि का था।

एसपी ने रामगढ़ थाना प्रभारी और थाने में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी के समक्ष निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने जर्जर भवन को मरम्मत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छत की गिरती सीलिंग से कभी भी हादसा हो सकता है। इस दौरान थाना भवन, शौचालय, चारदिवारी, संतरी पोस्ट, सरकारी संपत्ति, स्वीकृत बल, विस्फोटक अधिनियम, आयुद्ध एवं गोली बारूद भंडार, उत्पाद शुल्क और अफीम अधिनियम के अधीन अनुज्ञप्ति प्राप्त कारखाने, दुकानों की सूची, लंबित कांडों की सूची, मुख्य हाट, बाजार, मेला की सूची, ग्राम पंचायत के मुखिया, सरपंच तथा प्रखंड समिति की सूची, निगरानी में रखे गए दागियों की सूची, सीमावर्ती अपराध आंकड़ा एवं अपराधियों की सूची, अपराध मानचित्र, पदाधिकारी और कर्मियों का कार्य विवरणि तालिका, अपराधी निर्देशिका का अवलोकन उन्होंने किया। साथ ही मालखाना पंजी, डकैती पंजी, लूट पंजी, गुंडा पंजी, फरारी पंजी, हाजत पंजी, शास्त्र पंजी की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पाए गए त्रुटियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी अजय कुमार ने रामगढ़ थाना प्रभारी को चुटूपालू घाटी में सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि वाहन चेकिंग लगातार होना चाहिए। जिला परिवहन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थान पर साइन बोर्ड लगने चाहिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से वीआईपी गतिविधि पर नजर रखी जानी चाहिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में आपराधिक गिरोह पर भी लगाम लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्य में अगर किसी को धमकी मिलती है या गिरोह के सदस्य उसमें सक्रिय होते हैं, तो तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। वर्तमान समय में ईद, सरहुल और रामनवमी भी आयोजित होने जा रहा है। जुलूस में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए।

एसपी अजय कुमार ने कहा कि रामनवमी के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो जाने चाहिए। ईद, सरहुल और रामनवमी में बड़े पैमाने पर लोग सड़कों पर निकलेंगे। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की आवश्यकता है। जुलूस के रूट का सत्यापन बेहद जरूरी है। भड़काऊ गाने पर प्रतिबंध है, इसलिए डीजे मालिकों को भी नोटिस किया जाना चाहिए। जुलूस मार्ग में प्रकाश की व्यवस्था हो और निरोधात्मक कार्रवाई बेहद आवश्यक है।

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Most Popular

To Top