
आगरा, 19 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने आगरा में अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में जिले एवं महानगर के अनुसूचित जाति के पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के साथ संवाद किया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण नहीं बल्कि वंचित वर्ग के सशक्तिकरण पर केन्द्रित है। सपा व कांग्रेस वर्षों से अनुसूचित व वंचित समाज के साथ छल करते आए हैं। उन्होंने अनुसूचित वर्ग का वोट लिया और सत्ता में रहते हुए सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार तथा सैफई परिवार की राजनीतिक व आर्थिक उन्नति के लिए काम किया।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे परिवारवादी दलों का सत्ता के लिए झूठ और भ्रम फैलाने का पुराना एजेंडा है। मुस्लिम तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, अपराध को संरक्षण देने वाली सपा व कांग्रेस ने सदैव अनुसूचित जाति वर्ग का शोषण किया। कांग्रेस ने बाबा साहेब को चुनाव हराने का काम किया और हमेशा उनका विरोध किया। बाबा साहेब का अन्तिम संस्कार भी दिल्ली नहीं में नहीं होने दिया। सपा मुखिया के मंच से बाबा साहेब को भू-माफिया कहा गया। सपा की सरकार के समय सबसे अधिक अनुसूचित वर्ग के लोगों पर फर्जी मुकदमें लिखे गए और उनकी जमींन, मकान, खेत, खलिहानों पर कब्जे किये गए। अखिलेश यादव की सरकार में अनुसूचित वर्ग को अपमानित किया गया। सपा सरकार के समय मां, बहन, बेटियां असुरक्षित थी। बेटियों ने गुंडो के डर से स्कूल जाना बन्द कर दिया था। चारों तरफ अराजकता थी। सपा की जातिवादी और तुष्टिकरण की राजनीति से उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम था और सपा के जंगलराज का शिकार सबसे अधिक अनुसूचित वर्ग था।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि हम सभी बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए स्वयं को समर्पित करें। भाजपा द्वारा अनुसूचित समाज के कल्याण के लिए किए गए कार्यों को समाज के एक-एक व्यक्ति तक पहुंचायें। विपक्ष के झूठ और उनके काले कारनामें को उजागर करें। घर-घर जाकर संवाद करें तथा विपक्ष के हर षडयंत्र को विफल करें। राष्ट्र नवनिर्माण की इस यात्रा में भाजपा को अजेय शक्ति बनाने के लिए विकसित भारत के संकल्प के साथ सबसे जुडे़ और सबको जोड़े।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
