


सोनीपत, 4 जनवरी (Udaipur Kiran) । सावित्री बाई
फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने शनिवार को खरखौदा
पहुंचकर सावित्री बाई फुले महिला एवं बाल पार्क में स्पेशल लाइब्रेरी कम बहुउद्देशीय
हॉल की आधारशिला रखी। उन्होंने पार्क में बनी देश की पहली शिक्षिका सावित्री बाई फुले
की प्रतिमा पर पुष्पार्पित करते हुए उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी की ओर
से लाइब्रेरी कम बहुउद्देशीय हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रूपये देने की घोषणा भी की।
बतौर
मुख्य अतिथि सुमन सैनी ने कहा कि आज केन्द्र व प्रदेश सरकार ने सावित्री बाई फुले के
संकल्प पर चलते हुए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में
केन्द्र सरकार ने महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया।
वहीं प्रदेश सरकार ने भी महिलाओं को पंचायती राज में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने
का कार्य किया, जिसकी बदौलत हमारी महिलाएं पार्षद, सरपंच व पंच बन कर अपने क्षेत्र व
गांव के विकास के लिए कार्य कर रही हैं।
उन्होंने
कहा कि सावित्री बाई फुले केवल नाम नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा
की एक पूरी कहानी है। प्रदेश सरकार महिलाओं को शिक्षित करने और सशक्त बनाने के लिए
कृत संकल्प है। सामाजिक क्रांति की अग्रदूत और महिला सशक्तिकरण की बुलंद आवाज श्रीमती
सावित्री बाई फुले भारत की पहली महिला शिक्षिका, एक स्वतंत्र व्यक्तित्व और महिलाओं
के अधिकारों की प्रणेता के रुप में सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए महिला शिक्षा और सशक्तिकरण
के प्रति समर्पित किया।
विधायक
पवन खरखौदा ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी का खरखौदा हलका में पहुंचने पर जोरदार
स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फुले देश की पहली शिक्षिका होने के साथ-साथ
महिला स्वतंत्रता सेनानी भी थी। उन्होंने सभी रूकावटों को पार करते हुए संघर्ष किया और देश की पहली महिला शिक्षिका बनीं। हमें उनके संघर्ष भरे जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन
में आगे बढना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा
जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की धर्मपत्नी
गीता कौशिक सहित आजाद सिंह, पूर्व चेयरमैन राजबीर दहिया, खरखौदा ब्लॉक समिति के चेयरमैन
सितेन्द्र दहिया, राजेन्द्र सैनी, विनोद सैनी, मदन सैनी, सुरेन्द्र बानिया, बबीता दहिया
आदि उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
