


सोनीपत, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) ।
हरियाणा
की ओलंपियन और एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल विजेता नेहा गोयल अब अपनी जिंदगी की
नई शुरुआत करने जा रही हैं। टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी टीम का हिस्सा रही नेहा,
नेशनल हॉकी प्लेयर सुनील से शादी करेंगी।
सुनील करनाल के रहने वाले हैं और यह शादी
लव कम अरेंज मैरिज के रूप में हो रही है।
नेहा
शुक्रवार को सोनीपत स्थित अपने घर पहुंचीं, जहां शादी की रस्मों का सिलसिला शुरू हो
गया। 23 नवंबर को उनकी मेहंदी की रस्म कोच प्रीतम सिवाच के घर पर होगी, जबकि 24 नवंबर
को सुनील बारात लेकर पहुंचेंगे। नेहा ने मीडिया से बातचीत में शादी और गोल्ड मेडल दोनों
को अपनी सबसे बड़ी खुशियां बताया।
नेहा
का जीवन प्रेरणादायक है। उनके पिता के निधन के बाद उनकी मां ने साइकिल फैक्ट्री में
काम करके परिवार चलाया। तीन बहनों में नेहा ने छठी कक्षा में हॉकी स्टिक थामी। शुरुआत
में उनकी खुशी सिर्फ अच्छे जूते और कपड़ों तक सीमित थी, लेकिन कोच प्रीतम सिवाच ने
उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें प्रशिक्षित किया।
नेहा
और सुनील की पहली मुलाकात अंडर-17 नेशनल टूर्नामेंट में हुई।
धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां
बढ़ीं। नेहा ने बताया कि 2015 में जब उन्हें गंभीर चोट लगी और डॉक्टर ने खेलने से मना
कर दिया था, तब सुनील ने उनकी हरसंभव मदद की। यही साथ और समर्थन दोनों के रिश्ते को
मजबूत करता गया।
नेहा
ने 2018 में अपनी लव स्टोरी कोच सिवाच को बताई, जिन्होंने उन्हें खेल पर ध्यान केंद्रित
करने को कहा। ओलंपिक के बाद दोनों ने परिजनों से शादी की बात की, जिसे सहमति मिल गई।
सुनील वर्तमान में कोलकाता में सीएजी में कार्यरत हैं, जबकि नेहा रेलवे में नौकरी करती
हैं।
नेहा ने कहा कि बचपन में फिल्मों में बड़े परिवार देखकर उन्हें ऐसा ही संयुक्त
परिवार चाहिए था। अब उनका सपना साकार हो गया है। यह शादी उनके लिए न केवल एक नए रिश्ते
की शुरुआत है, बल्कि संघर्ष और सपनों के पूरे होने की कहानी भी।
—————
(Udaipur Kiran) परवाना
