

सोनीपत, 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कांग्रेस पार्टी के हरियाणा मांगे
हिसाब अभियान के तीसरे दिन राई विधानसभा क्षेत्र में एथनिक इंडिया जीटी रोड से बहालगढ़
तक पदयात्रा की। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह अभियान जन-आंदोलन बन चुका है। पदयात्रा
के दौरान जनता का हुजूम उमड़ पड़ा और वे स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं को सुनते रहे।
राई में सड़कों की खराब हालत और सीवर की समस्या पर दीपेन्द्र हुड्डा ने खुद शिव मंदिर
के पास गंदे पानी से भरी गलियों में पैदल चलकर समस्याओं को देखा और कांग्रेस सरकार
आने पर समाधान का भरोसा दिया।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा का
साथ छोड़ चुकी है और सरकार अल्पमत में है। तुरंत विधानसभा चुनाव कराएं। भाजपा सरकार
पर आरोप लगाया कि उन्होंने राई को शिक्षा का हब बनाने की कांग्रेस सरकार की सोच को
नष्ट कर दिया और क्षेत्र को अपराध और नशे का केंद्र बना दिया। कोई नया स्कूल, कॉलेज
या यूनिवर्सिटी नहीं बनाई, पहले से बने संस्थानों को भी बंद करवा दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री की चुनौती का जवाब देते हुए दीपेन्द्र
हुड्डा ने कहा कि भाजपा के 10 साल के शासन में कुछ नहीं किया गया। आरोप लगाया कि हरियाणा
अपराधियों की शरणस्थली बन गया है और राज्य में अपराध बेकाबू हो गया है। एनसीआरबी के
आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में सबसे ज्यादा अपहरण, फिरौती और महिलाओं के खिलाफ अपराध
हो रहे हैं। हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध और नशे में डुबो दिया है। उनकी लड़ाई हरियाणा
के भविष्य और किसानों के सम्मान को बचाने की है। लोकसभा चुनाव में हरियाणा की जनता
ने भाजपा की नकारात्मक राजनीति को नकारकर कांग्रेस का साथ दिया और अब विधानसभा चुनाव
में भी जनता का समर्थन मिलेगा।
इस पदयात्रा में सांसद पंडित सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक जगबीर
सिंह मलिक, विधायक जयवीर बाल्मिकी, विधायक सुरेन्द्र पंवार, विधायक इंदुराज नरवाल,
प्रो. वीरेंद्र, संत कुमार, जयतीरथ दहिया, सुखबीर फरमाणा, पदमसिंह दहिया, भलेराम जांगड़ा,
दिव्यांशु बुद्धिराजा, मनोज रिढाऊ, सुरेंद्र छिकारा, सुरेश त्यागी, सुरेश जोगी, राकेश
कैलाना, संजय बड़वासनी, जितेन्द्र जांगड़ा, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई,
कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय
वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) परवाना / SANJEEV SHARMA
