RAJASTHAN

सेना के जवान को बेटे ने दी मुखाग्निी, बेटी ने किया सैल्यूट

बेटे ने दी सेना के जवान को मुखाग्नि

झुंझुनू, 15 सितंबर (Udaipur Kiran) । झुंझुनू जिले के रहने वाले जवान का सिक्किम में चीन बॉर्डर पर निधन हो गया था। रक्षा सेवा कोर (डीएससी) में हवलदार जितेंद्र सिंह शेखावत (48) का रविवार शाम अंतिम संस्कार किया गया। करीब 4 बजे भाई रविंद्र सिंह और बेटे हर्षवर्धन (17) ने मुखाग्नि दी। इस दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे।

इससे पहले बेटे हर्षवर्धन और बेटी अंकिता (19) ने पिता की पार्थिव देह को अंतिम बार सैल्यूट किया। तिरंगा यात्रा के साथ जितेंद्र सिंह की पार्थिव देह रविवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे पैतृक गांव सुलताना लाई गई थी। घर में पत्नी मनोज कंवर और मां आनंद कंवर ने जितेंद्र सिंह की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान दोनों बिलख पड़ीं।

जितेंद्र सिंह के बड़े भाई रविंद्र सिंह ने बताया कि पार्थिव देह 14 सितंबर की रात 11 बजे आगरा (यूपी) पहुंची थी। जहां से सड़क मार्ग से रविवार सुबह 4 बजे जयपुर लाई गई। वहां से सुबह 10 बजे पार्थिव देह झुंझुनू लाई गई।

रविंद्र सिंह ने बताया कि जितेंद्र 25 अगस्त को छुट्टी से ड्यूटी पर सिक्किम लौटा था। अब उनकी पार्थिव देह ही लौट रही है। उन्होंने बताया 12 सितंबर की सुबह 7 बजे सिक्किम में चाइना बॉर्डर पर स्थित युमथांग पोस्ट से सैन्य वाहन में रवाना होते समय जितेंद्र की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें नजदीकी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युमथांग पोस्ट हाई एल्टीट्यूड एरिया में आती है। जहां ऑक्सीजन लेवल बहुत कम होता है।

जितेंद्र के परिवार में मां आनंद कंवर गांव स्थित मकान में ही रहती हैं। बड़े भाई रूपेंद्र सिंह मर्चेंट नेवी से रिटायर्ड हैं। वे अब परिवार के साथ जयपुर में रहते हैं। छोटा भाई रविंद्र सिंह राजपूत रेजिमेंट से रिटायर्ड हैं। सबसे छोटा भाई मनिंद्र सिंह गांव में ही रहता है। बहनोई मोहन सिंह और भांजा बलवंत सिंह भी सेना में है।

जितेंद्र सिंह शेखावत ने सेना जॉइन करने के बाद 10 साल तक 123 टेरिटोरियल आर्मी में सेवाएं दी। वे लांस नायक तक प्रमोशन ले चुके थे। इसके बाद उन्होंने रक्षा सुरक्षा कोर (डीएससी) के लिए आवेदन किया जिसमें उनका सिलेक्शन हो गया था। रक्षा सुरक्षा कोर (डीएससी) में वे वर्तमान में हवलदार थे।

वे सिक्किम से पहले असम, जम्मू कश्मीर, दिल्ली और राजस्थान में तैनात रह चुके थे। उनका बेटा हर्षवर्धन (17) और बेटी अंकिता (19) सीकर में कोचिंग कर रही है। ड्यूटी पर जाने से पहले जितेंद्र सिंह बड़े भाई से मिलने जयपुर गए थे। तब उन्होंने बताया था कि बेटे हर्षवर्धन का संभवतः एनडीए में सिलेक्शन हो जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / रमेश

Most Popular

To Top