
नई दिल्ली, 27 मार्च (Udaipur Kiran) । आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दिल्ली के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता सतीश उपाध्याय के निर्वाचन को चुनौती दी है। आज जस्टिस जसमीत सिंह की बेंच ने इस मामले में आंशिक सुनवाई की और मामले की अगली सुनवाई 8 अप्रैल को करने का आदेश दिया।
सोमनाथ भारती ने अपनी याचिका में कहा है कि सतीश उपाध्याय ने अपना नामांकन भरते समय अपने आपराधिक रिकॉर्ड का पूरा विवरण नहीं दिया। सुनवाई के दौरान सोमनाथ भारती ने कहा कि सतीश उपाध्याय ने अपने खिलाफ दर्ज एक एफआईआर की जानकारी छिपाई। सतीश उपाध्याय की ओर से पेश वकील राजीव नय्यर ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि अगर कोई एफआईआर हुई है तो वो उसे दिखाइए। तब कोर्ट ने सोमनाथ भारती से कहा कि क्या आप एफआईआर दिखा सकते हैं। अगर इस मामले में आप पक्का नहीं हैं तो इसकी सत्यता की जांच कीजिए। हाई कोर्ट ने सोमनाथ भारती को उपाध्याय के खिलाफ एफआईआर की पड़ताल के लिए समय देते हुए सुनवाई 8 अप्रैल को करने का आदेश दिया।
इस साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में मालवीय नगर क्षेत्र से सतीश उपाध्याय ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोमनाथ भारती को हराया था।
इसके पहले हाई कोर्ट ने 26 मार्च को नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा और कालकाजी सीट से आतिशी मार्लेना के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए नोटिस जारी किया था।
(Udaipur Kiran) /संजय
—————
(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह
