HimachalPradesh

हिमाचल में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, 19 से 21 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ रहेगा सक्रिय 

शिमला, 15 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बर्फबारी और शीतलहर का प्रकोप जारी रहा, वहीं कुछ मध्यवर्ती और मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई है। शिमला सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक शोभित कटियार के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं।

राजधानी शिमला में आज सुबह हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हुई जबकि शिमला के नारकंडा, लाहौल स्पीति और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। प्रदेश में इस सीजन में अब तक सामान्य से 78% कम बारिश हुई है। फरवरी माह में 65% कम बारिश हुई है।

कटियार ने बताया कि 19 से 21 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश में रहेगा जिसके कारण 19 और 20 फरवरी को बारिश और बर्फबारी के साथ तापमान में 8 से 9 डिग्री की गिरावट हो सकती है। 16 से 18 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा जबकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 19 फरवरी से प्रदेश भर में मौसम में बदलाव आएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, लाहौल स्पीति, किन्नौर, शिमला, कुल्लू जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी जारी रहेगी। तापमान में गिरावट के कारण शीतलहर का प्रभाव भी बढ़ सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top