Delhi

स्मृति ईरानी ने चांदनी चौक क्षेत्र में भाजपा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शिरकत की

भाजपा सदस्यता अभियान कार्यक्रम में स्मृति ईरानी और प्रवीण खंडेलवाल

नई दिल्‍ली, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सदस्‍यता अभियान को गति देने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार को चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के केशवपुरम जिले में पहुंचीं। इस अवसर पर उनके साथ सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। स्‍मृति ईरानी का ये दौरा भाजपा के सदस्यता अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर समर्थकों को शामिल करना और पार्टी के आधार को व्यापक बनाना है।

चांदनी चौक से भाजापा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि सदस्‍यता अभियान को गति देने के लिए चल रहे इस कार्यक्रम में 500 से अधिक बूथ स्तर तक के भाजपा समर्थकों और कार्यकताओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। उन्हाेंने कहा कि इस अभि‍यान के दौरान भाजपा के आधिकारिक सदस्य बनने और अन्य लोगों को शामिल करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए स्‍मृति ईरानी ने पार्टी की नींव को मजबूत करने में जमीनी स्तर पर भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाजपा के शक्ति-पुंज हैं। आपकी निष्ठा और प्रतिबद्धता ही हमारी पार्टी की सफलता और विकास का आधार है। हर नए सदस्य के साथ हम और अधिक मजबूत होते हैं और लोगों की सेवा करने की हमारी क्षमता बढ़ती है।

प्रवीन खंडेलवाल ने भी अपने संबोधन में इस सदस्यता अभियान के महत्व पर जोर दिया, जिससे स्थानीय समुदायों को सशक्त किया जा सके और भाजपा के सिद्धांत और नीतियां हर घर तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य हर नागरिक को भाजपा द्वारा देश में लाए जा रहे परिवर्तनकारी प्रगतिसंगत बदलावों से अवगत कराना है। आप जैसे समर्थकों की भागीदारी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाती है। इस कार्यक्रम के समापन पर, उपस्थित लोगों ने भाजपा के दृष्टिकोण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया और अपने समुदायों में सक्रिय रूप से शामिल होकर अधिक से अधिक नागरिकों को पार्टी के साथ जोड़ने का संकल्प लिया।

(Udaipur Kiran) / प्रजेश शंकर

Most Popular

To Top