RAJASTHAN

धीमी गति से चल रहा महारानी फार्म पुलिया का काम, तय समयावधि में 40 शेष, अभी भी 40 फीसदी काम बाकी

महारानी

जयपुर, 22 मई (Udaipur Kiran) । जेडीए द्रव्यवती नदी पर बनी महारानी फार्म पुलिया को ऊंचा करने का काम करवा रहा है। इस पुलिया का काम धीमी गति से चल रहा है। इस कारण अभी तक केवल 60 फीसदी काम पूरा हो पाया है। जबकि इसका काम जून में पूरा करना था। काम की धीमी गति के चलते यहां से गुजरने के लिए स्थानीय लोगों के साथ वाहन चालकों को इंतजार करना पडेगा।

नए साल के पहले दिन से दुर्गापुरा और मानसरोवर को जोड़ने वाली महारानी फार्म पुलिया को 6 महीने के लिए बंद किया गया था। यह जयपुर की सबसे व्यस्ततम लिंक रोड है, जहां से हर दिन करीब 30 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। यह टोंक रोड और आगे जवाहरलाल नेहरू मार्ग को सीधे मानसरोवर, न्यू सांगानेर रोड और पृथ्वीराज नगर योजना सहित बड़े इलाके को आपस में जोड़ती है। मानसरोवर और पीआरएन राजस्थान की सबसे बड़ी आवासीय कॉलोनियां हैं। मानसरोवर जाने के लिए वाहन चालक बीटू बायपास या फिर गोपालपुरा से होकर गुजर रहे है।

द्रव्यवती नदी पर बनी इस पुलिया पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। बारिश में द्रव्यवती नदी में प्रवाह बढ़ने से पुलिया के ऊपर डेढ़ से दो मीटर ऊंचाई तक पानी का बहाव रहता है। इस बार भी बारिश के सीजन में कई घंटों तक इस पुलिया पर ट्रैफिक बंद करना पड़ा क्योंकि नदी का पानी पुलिया से ओवर फ्लो हो रहा था। यह क्षेत्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विधानसभा में आता है। सीएम के निर्देश पर जेडीए ने इस पुलिया को ऊंची करने की योजना बनाई है। महारानी फार्म पुलिया अभी नदी से महज करीब दो मीटर ऊंचाई पर ही है। इस पुलिया की चौड़ाई फिलहाल 17 मीटर है। जेडीए ने पुरानी पुलिया तोड़कर यहां पर चार गुना चार मीटर चौड़े बॉक्स कल्वर्ट डाले है। इसी बॉक्स कल्वर्ट में से ही नदी प्रवाहित होगी। इस पुलिया की चौड़ाई 17 मीटर से बढ़ाकर 20 मीटर की जाएगी। नई पुलिया की ऊंचाई नदी से करीब साढ़े चार मीटर ऊंची होगी। करीब 210 मीटर की लंबाई में पुलिया का निर्माण किया जाएगा। करीब छह करोड़ की लागत की इस योजना का काम जून महीने में पूरा किया जाना है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top