Chhattisgarh

नगर पंचायत कुरुद में शपथ ग्रहण के पूर्व ही छह प्लेसमेंट कर्मचारियों की हो गई छुट्टी

नगर पंचायत के प्रशासक दुर्गा साहू को ज्ञापन सौंपते हुए पार्षदगण।

धमतरी, 1 मार्च (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले के नगर पंचायत कुरुद में कई वर्षों से कार्यरत छह प्लेसमेंट कर्मचारी उत्तम साहू, रूपेंद्र चन्द्रकार, विकास देवांगन, नीरज कश्यप, अरमान साहू एवं लेखनारायण बागे को बिना किसी सूचना एवं शिकायत के कार्य से पृथक किया जा रहा है। एक मार्च को इसकी जानकारी लगने पर नगर पंचायत कुरुद के पार्षदों ने कार्यालय पहुंचकर नगर पंचायत प्रशासक दुर्गा साहू को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों को यथावत रखने की मांग की है।

नगर पंचायत के प्रशासक दुर्गा साहू को पार्षदों ने बताया कि, निकाले जा रहे कर्मचारियों के परिवार में कोई कमाऊ सदस्य नहीं है। अपने परिवार के पालन के लिए कर्मचारियों द्वारा निष्ठापूर्वक कार्य किया जाता था। इन्हें निकालना काफ़ी निंदनीय है। निकाले जाने की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत कुरुद में कांग्रेस पार्टी के सभी निर्वाचित पार्षद पंचायत कार्यालय पहुंचकर उक्त सभी कर्मचारियों के संबंध में उनके हित में नगर पंचायत के प्रशासक दुर्गा साहू एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को लिखित शिकायत की गई। उन्हें पुनः कार्य में रखने का निवेदन किया गया। कर्मचारियों को कार्य में नहीं रखा गया तो कांग्रेस पार्टी के सभी निर्वाचित पार्षदों द्वारा उक्त धरना प्रदर्शन कार्यक्रम किया जाएगा। इस अवसर पर निर्वाचित पार्षद रजत चंद्राकर, मंजू प्रमोद साहू, राखी चंद्राकार, मनीष साहू , देवव्रत साहू, डुमेश साहू, उत्तम साहू उपस्थित थे। इस संबंध में नगर पंचायत कुरुद के सीएमओ महेंद्र राजगुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत कुरुद से निकाले गए कर्मचारी नशाखोरी करते थे। उनका कार्य संतुष्टीपूर्ण नहीं है, इसीलिए इन्हें निकाला गया है। बताया गया कि, नगर पंचायत कुरुद में शपथ ग्रहण के पूर्व ही प्लेसमेंट कर्मचारियों काे निकाल दिया गया है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top