West Bengal

दुकान की छत गिरने से छह कांवरिए घायल

दुकान की छत गिरने से छह कांवरिए घायल

हुगली, 29 जुलाई (Udaipur Kiran) । हुगली जिले के वैद्यबाटी के निमाई तीर्थ घाट पर सोमवार को एक दुकान की छत गिरने से दुकान में बैठे छह कांवरिए घायल हो गए। श्रीरामपुर वाल्स अस्पताल में घायल कांवरियों का इलाज हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम मेदिनीपुर के क्षीरपाई इलाके से नौ कांवरियों का एक समूह सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए तारकेश्वर जा रहा था। परंपरा के अनुसार वे सभी सोमवार सुबह निमाई तीर्थ घाट पर गंगा नदी से जल लेने गए। इसी दौरान उनको भूख लग गई। जब वह भोजन करने निमाई तीर्थ घाट पर स्थित एक दुकान में घुसे। तभी दुकान की छत उनके ऊपर गिर पड़ी। इस घटना में छह कांवरिए घायल हो गए।

कांवरिया बुबाई बाग ने कहा कि हम नौ दोस्त तारकेश्वर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए निकले थे। इस दौरान हमें भूख लगी तो हम खाना खाने के लिए निमाई तीर्थ घाट के पास एक दुकान में घुसे। तभी दुकान की छत हम लोगों पर गिर पड़ी जिसमें हमारे छह साथी घायल हो गए।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वैद्यबाटी नगर पालिका के चेयरमैन पिंटू महतो ने (Udaipur Kiran) से सोमवार शाम कहा कि नगर पालिका के इंजीनियर घटनास्थल पर गए हैं। वह स्थिति देख रहे हैं। जिस मकान के छत के गिरने से कांवरिए घायल हुए हैं, नगर पालिका उसके मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता हरि मिश्रा ने आरोप लगाया कि इस घटना की जिम्मेवार स्थानीय नगर पालिका है।

तारकेश्वर की कांवड़ यात्रा पश्चिम बंगाल में होने वाली सबसे बड़ी कांवड़ यात्राओं में से एक है। कांवड़ यात्रियों के सुख सुविधा का प्रबंध करना नगर पालिका की जिम्मेवारी है। आज छत गिरने से छह कांवरिया घायल हुए हैं। नगर पालिका अपनी जिम्मेवारी से मुकर नहीं सकती।

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय / गंगा

Most Popular

To Top