
– नाविक ने युवक को बचाया, सपा विधायक अनिल प्रधान ने परिजनों को दी सांत्वना
चित्रकूट,17 जुलाई (Udaipur Kiran) । नगर पंचायत मऊ में स्थित यमुना नदी में निर्माणाधीन महिला पुल के नीचे घाट में दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। डूबने वाली महिलाएं रिश्ते में ननद-भाभी थीं। घटना की जानकारी पर प्रशासनिक अमला, एनडीआरएफ टीम यमुना में डूबे शवों की खोज में जुट गई है। चित्रकूट सदर से सपा विधायक अनिल प्रधान ने घटना स्थल जाकर दुख जताया है।
जानकारी के मुताबिक, कर्वी कोतवाली के रगौली गांव के कमलेश अपने बहनोई शिवमंगल के लड़के लवकुश की शादी में सपरिवार मऊ आये थे। मंगलवार को बारात लौटी थी। विवाह सम्पन्न हाेने के बाद मायन विसर्जन को लेकर नगर पंचायत मऊ के अम्बेडकरनगर से एक दर्जन महिलाएं बुधवार की सुबह यमुना मऊ घाट गई थीं। रस्म पूरी करने के बाद महिलाएं यमुना नदी में नहाने लगीं। अचानक दो महिलायें किरण (16) पुत्री कमलेश व कमलेश की बहू पुष्पा (24) पत्नी रामभरोस तथा कमलेश का भतीजा रामचरण (24) पुत्र दिनेश गहरे पानी में जाने से डूबने लगे। उन्हें डूबता देख महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पास में नाव चला रहे युवक ने कूदकर युवक रामचरण को बचा लिया। इस बीच दोनों महिलायें यमुना नदी की गहरे पानी में डूब गईं। डूबने वाली महिलाएं ननद-भाभी हैं। इस घटना से शादी-विवाह के घर में खुशियां मातम में बदल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो ये हादसा निर्माणाधीन मऊ महिला पुल के पिलर नंबर 34-33 के बीच हुआ है। घटना की सूचना पर मऊ थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राय व कस्बा इंचार्ज इन्द्रजीत गौतम पुलिस बल समेत मौके पर पहुंच गये। गोताखोरों से शव की खोज करा रहे हैं। मऊ एसडीएम राकेश कुमार पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। काफी तलाश के बाद जब शव नहीं मिले ताे एनडीआरएफ टीम काे बुलाकर नदी में खाेजबीन जारी है।
(Udaipur Kiran) / रतन पटेल / मोहित वर्मा
