
सिरसा, 16 मार्च (Udaipur Kiran) । समाजसेवी उग्रसेन गर्ग को भारत विकास परिषद शाखा डबवाली का प्रधान बनाया गया है। रविवार को चुनाव पर्यवेक्षक हरबंस नारंग, जिला समन्वयक अशोक गुप्ता व भाविप के शाखा संस्थापक सतपाल जग्गा की देखरेख में हुई संस्था सदस्यों की चुनावी बैठक में उग्रसेन गर्ग को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। इसके अलावा भजन मेहता को लगातार तीसरी बार सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारत विकास परिषद के जिला समन्वयक अशोक गुप्ता ने कहा कि भारत विकास परिषद एक स्वयंसेवी संस्था है जो सेवा, संस्कार, संपर्क के उद्देश्य को लेकर समाज सेवा करती है एवं स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए मानव-जीवन के सभी क्षेत्रों में भारत के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। सामाजिक गतिविधियों में बाल संस्कार शिविर, राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता व भारत को जानो आदि प्रकल्प प्रमुख हैं। संरक्षक सतपाल जग्गा ने बताया कि स्थानीय नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए सुबह-शाम लंगर सेवा का स्थायी प्रकल्प वर्षों से भाविप द्वारा चलाया जा रहा है। वहीं, स्थानीय लवकुश पार्क में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा भी भारत विकास परिषद द्वारा स्थापित की गई है। संस्था के सभी सदस्य समर्पित भाव से समाज सेवा में जुटे हुए हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Kumar
