सिरसा, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । जिला के गांव अबूबशहर में बकाया बिजली का बिल वसूलने गए निगम के कनिष्ठ अभियंता के साथ उपभोक्ता द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जेई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जेई जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ बीते शुक्रवार को बकाया बिल वसूलने गए थे। बिल की मांग पर उपभोक्ता ने बहस शुरू कर दी और कहा कि मीटर उखाड़ लो, वह एक महीने कुंडी लगा लेगा। निगम कर्मचारियों ने मीटर उखाड़ लिया। इसके बाद उपभोक्ता ने पांच हजार रुपए जमा करवा दिए। जेई ने मीटर दोबारा लगाने के लिए कर्मचारियों को भेज दिया। इसी दौरान उपभोक्ता ने जेई को अकेला पाकर उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। अन्य कर्मचारियों ने पहुंचकर बीच-बचाव किया। जेई को आंतरिक चोटें आई। साथी कर्मचारी उन्हें अस्पताल ले गए। उधर, मामले के जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि जेई जसविंदर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Kumar
