
जैसलमेर, 28 फरवरी (Udaipur Kiran) । सेवा भारती समिति की ओर से शनिवार, 1 मार्च को श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष जगदीश चांडक कोटड़ी ने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण सामूहिक बारात होगी।
सामूहिक बारात सुबह 9:30 बजे गीता आश्रम से रवाना होकर मुख्य बाजार से होते हुए मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। इस बारात में केवल वर पक्ष ही नहीं, बल्कि पूरे जैसलमेर के गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। इस समारोह में कुल छह जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। सेवा भारती के प्रांत संरक्षक डॉ. दाऊलाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम वैदिक विधि-विधान से आयोजित किया जाएगा। पंडित राजेंद्र अवस्थी एवं उनके सहयोगियों के मार्गदर्शन में विवाह के सभी कार्यक्रम पूरे हाेंगे।
सेवा भारती की उपाध्यक्ष आशा व्यास ने बताया कि सभी वधुओं, उनके परिजनों और अन्य मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था गीता आश्रम में की गई है।
—————
(Udaipur Kiran)
