
उज्जैन, 07 मई (Udaipur Kiran) । लव जिहाद के मुख्य आरोपी के हौंसले इतने बुलंद हैं कि उसने एक आरक्षक से बंदूक छिनकर भागने का प्रयास किया और दो फायर किए। पुलिस के जवाबी फायर में एक गोली उसकी टांग में लगी। अब वह चरक अस्पताल में उपचार करवा रहा है।
घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल के अनुसार, बुधवार तड़के फरहान मंसूरी ने सीने में दर्द बताया। इस पर पुलिस बल उसे जीप में लेकर उज्जैन अस्पताल के लिए निकला। निपानिया के समीप फरहान ने उल्टी आना बताया। पुलिस टीम उसे जीप से उतारकर उल्टी करवाने के लिए रूकी। उसी समय फरहान ने एक आरक्षक की इंसास बंदूक छिन ली ओर भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस पर उसी बंदूक से दो फायर भी किए। इस पर करण खोवाल ने अपनी शासकीय पिस्टल से बचाव के लिए उसके पैर पर गोली चलाई। गोली उसके पैर में धंस गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उस पर काबू पाया और उसे चरक अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने बताया कि उसके सीने में कोई समस्या नहीं है। उसने भागने के लिए यह बहाना बनाया था। जानकारी मिलने पर एसपी प्रदीप शर्मा भी सुबह 6 बजे चरक अस्पताल पहुंच गए और पुलिस टीम से सारी जानकारी ली तथा शाबासी देते हुए 10 हजार रू. के इनाम की घोषणा भी की। उज्जैन शहर से करीब 35 किमी दूर बिछड़ोद से पुलिस टीम उसे लेकर तड़के करीब साढ़े 5 बजे चली थी।
किरण खोवाल ने बताया कि बिछड़ोद में हुए लव जिहाद के मामले में सात आरोपियों में मुख्य सरगना फरहान मंसूरी है। इसके मोबाइल से अश्लील वीडियो,फोटो आदि जब्त हुए थे। इसने एक बालिका का अश्लील वीडियो सोश्यल मीडिया पर वायरल कर दिया था। उसके बाद ही गांव के लोगों के सामने पूरा मामला आया था। मंगलवार को ग्रामवासियों ने बिछड़ोद बंद रखा था वहीं कुछ लोगों ने आरोपी फरहान के घर में आग लगा दी थी। हिंदू समाज के कार्यक्र्ताओं ने थाना घेरकर आरोपियों कि गिरफ्तारी की मांग की थी।
एसपी प्रदीप शर्मा ने मंगलवार रात बताया था कि सातों आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पूछताछ चलती रही। फरहान फिलहाल चरक अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में उपचाररत है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में फरहान ने बताया कि वह आरटीओ उज्जैन में काम करता है। रोजाना उज्जैन अप-डाउन करता था। उसी ने सबसे पहले एक नाबालिग को फंसाया था और उसका अपने साथ फोटो खीचवाकर उसे धमकाया था। इसके बाद उसने अश्लील हरकत कर उसका शोषण किया था ओर उसके भी वीडियो बनाए थे।
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार मामले में एसआयटी गठित कर दी गई है। बिछड़ोद गांव में फिलहाल शांति है। वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य जानकारियां सामने आ रही है। शिघ्र ही पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा। इनके खिलाफ फिलहाल दुष्कर्म आयटी एक्ट,पास्को आदि में प्रकरण दर्ज हुआ है। आगे जांच अनुसार धाराएं बढ़ाई जाएगी।
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
