
– भजनलाल-शेखावत समेत कई वीआईपी मेहमान हुए शरीक
जोधपुर, 06 मार्च (Udaipur Kiran) । केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय और उद्यमी अनुपम बंसल की पुत्री अमानत आज शाम शादी के बंधन में बंध गए। गोधूलि वेला में शाम को उम्मेद भवन पैलेस में फेरे हुए। तीन दिन से चल रहे इस जलसे में आज कई वीवीआईपी मेहमानों ने भी शिरकत की, जिसमें मध्यप्रदेश और राजस्थान भाजपा के कई बड़े नेता शामिल रहे। गुरुवार शाम कार्तिकेय की बारात निकली, जिसमें शिवराज सिंह चौहान जमकर नाचे। उनके साथ छोटे बेटे कुणाल भी खूब थिरके। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी उनके साथ बारात में डांस किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्तिकेय की बारात आज शाम उम्मेद भवन पैलेस के लांसर लॉन से रवाना हुई। इसके बाद सभी कार्यक्रम बद्री लॉन में हुए। यहां शाम को वरमाला और इसके बाद फेरों की रस्म हुई। मध्यप्रदेश से पंडित विवाह करवाने के लिए पहुंचे। इसके बाद डिनर कार्यक्रम हुए। इसमें राजनीतिक व उद्योग जगत की कई हस्तियां शामिल हुई। शादी में शामिल होने देश के कई दिग्गज राजनेता, उद्योगपति भी जोधपुर पहुंचे हैं। शाही शादी में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, ऊर्जा विभाग राज्यमंत्री हीरालाल नागर, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई अन्य नेता पहुंचे।
————–
(Udaipur Kiran) / सतीश
