
शिवपुरी, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अयोध्या से उज्जैन दर्शन करने जा रहे डॉक्टर दंपतियों से भरी अर्टिका कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। घटना में दो महिला डाॅक्टराें की मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे शिवपुरी जिले के एनएच-46 पर लुकवासा बायपास पर हुई। कार चला रहे डॉक्टर अतुल आचार्य ने बताया कि उनकी टीम दस दिन पहले महाराष्ट्र से तीर्थ यात्रा के लिए निकली थी। वे अयोध्या दर्शन के बाद उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर जा रहे थे। लुकवासा चौकी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराई और नीचे गिर गई। इस सड़क हादसे में डॉक्टर तन्वी आचार्य (50) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, डॉक्टर नीलम पंडित (55) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई है। कार में मुंबई और आसपास के रहने वाले छह डॉक्टर सवार थे। घायलों में डॉ. उदय जोशी (64) निवासी दादर, डॉ. सुबोध पंडित (62) निवासी बसई महाराष्ट्र, डॉ. अतुल आचार्य (55) निवासी भिवंडी महाराष्ट्र, डॉ. सीमा जोशी (59) घायल हुए हैं। घायलाें का इलाज अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस व पूरनखेड़ी टोल प्लाजा एंबुलेंस पहुंच गई थी। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिजनों को सूचना दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
