
शिवपुरी, 5 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बुधवार सुबह ईओडब्ल्यू की टीम ने एक सरकारी शिक्षक के घर छापा मारा है। ईओडब्ल्यू को शिक्षक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की है। टीम उनके बैंक खातों, संपत्ति के कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन के कागज चैक कर रही है।
जानकारी के अनुसार भौंती कस्बे में बुधवार सुबह ग्वालियर ईओडब्ल्यू की टीम ने केडर गांव में कार्यरत शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के घर छापा मारा। ईओडब्ल्यू को शिक्षक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। टीम सुबह 6 बजे जब शिक्षक और उनका परिवार सो रहा था। भौंती कस्बे के निवासी फरियादी शिवम गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसने बताया था कि शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के पास आय से अधिक संपत्ति है। वर्तमान में टीम शिक्षक के घर में मौजूद है और उनके दस्तावेजों की जांच कर रही है। अभी तक ईओडब्ल्यू की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है। टीम में डीएसपी दामोदर गुप्ता, निरीक्षक जय सिंह यादव, निरीक्षक शैलेन्द्र राजावत के साथ लाइन का पुलिस बल मौजूद हैं।
बताया जा रहा है कि शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया भिंड जिले के रहने वाले हैं। सालों पहले वह भौंती में आकर बस गए थे। सुरेश वर्ग तीन के शासकीय शिक्षक है, जो कैडर गांव के प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ हैं। सुरेश सिंह भदौरिया पिछोर के कद्दावर नेता केपी सिंह कक्काजू के करीबी माने जाते हैं। टीचर बनने के पहले सुरेश राशन की दुकान चलाते थे। फिर वो जमीन खरीदी का काम भी करने लगे थे। बता दें, सुरेश सिंह भदौरिया पर हरिजन एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। थाने की जमीन पर कब्जा सुरेश सिंह भदौरिया भौंती थाना की जमीन को अपना बता कर कब्जा कर लिया था। उन्होंने कोर्ट में दावा भी किया था, लेकिन एक महीने पहले ही वह कोर्ट से केस हार गए। इसके बाद प्रशासन अब कब्जे पर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
