
उत्तरकाशी, 26 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । महाशिवरात्रि पर जिला मुख्यालय बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी समेत यमुना घाटी में शिव बारात में पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली।शिव की बारात और काशी विश्वनाथ मंदिर के ध्वज की शोभा यात्रा निकाली गई। नगर के मुख्य मार्गों पर स्थानीय संस्कृति एवं शिव के प्रति आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। शिव नगरी भोले के जयकारों से गूंज उठी।
गुरुवार को रामलीला मैदान में एकत्र हुए। यहां से शिवजी की बारात और ध्वज शोभा यात्रा निकाली गई। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए शोभा यात्रा पौराणिक मणिकर्णिका घाट पहुंची। यहां गंगा स्नान के बाद बस अड्डा, भटवाड़ी रोड, भैरव चौक होते हुए विश्वनाथ मंदिर में संपन्न हुई। शोभा यात्रा के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी क्षेत्र की महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर रांसो एवं तांदी नृत्य किया। विश्वनाथ नगरी उत्तरकाशी महाशिवरात्रि के पर्व पर भोले के जयकारों और भोले की भक्ति से जुड़े गीतों से गुंजयमान रही। रामलीला मैदान से शिव-पर्वती की बारात की झांकी शुरू हुई। शिव बारात में लदाड़ी गांव, मांडो गांव, संग्राली, पाटा, बगियालगांव की महिलाएं अपने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। उन्होंने रांसो व तांदी नृत्य की प्रस्तुति दी।
इसके साथ वीरपुर डंडा की भोटिया व जाड़ समुदाय की महिलाएं भी अपने पारंपरिक वेशभूषा में आई और शिव बारात में नृत्य किया। इसके साथ स्थानीय कलाकार, गोस्वामी गणेशदत्त विद्यालय के छात्र-छात्राएं, विश्वनाथ भूतपूर्व सैनिक संगठन, प्रजापति ब्रह्मकुमारी के स्वयं सेवक, उत्तरकाशी साधु सभा, गायत्री परिवार के स्वयं सेवक भी शिव बारात की में मौजूद रहे। युवा शिवजी के गणों के वेश में आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा के समापन पर काशी विश्वनाथ मंदिर में नया ध्वज फहराया गया।
इस मौके पर विश्वनाथ मंदिर के महंत अजय पुरी, क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान, किशोर भट्ट, पालिकाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, सभासद अमेरिकन पुरी , कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष राणा, मोहन डबराल, प्रताप पोखरियाल, प्रताप बिष्ट, शैलेंद्र नौटियाल, सहित सैकड़ों की तादाद में शिव भक्त मौजूद रहे है।
(Udaipur Kiran) / चिरंजीव सेमवाल
