
शिमला, 05 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे हो गए हैं। पर्वतीय पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली तक गर्मी की लहर पहुंच गई है। शनिवार को इन दोनों शहरों में सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शिमला और मनाली का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री अधिक है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी ऊना में रही, जहां तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य मैदानी जिलों में भी तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है। सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 33.7, बिलासपुर में 33.1, नाहन में 32.1, कांगड़ा में 32.8, मंडी में 31.6, धोलाकुआं में 33.8, सोलन में 30.5 और भुंतर व बरठीं में 31.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में औसतन अधिकतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा बना हुआ है।
अगले दो दिन हीटवेव का येलो अलर्ट
राज्य में 6 और 7 अप्रैल को गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर कुल्लू और मंडी में इन दोनों दिनों में लू जैसी स्थिति बन सकती है, जबकि कांगड़ा में भी तापमान काफी ज्यादा रहने की संभावना है। सोलन जिले में 7 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी दी गई है।
9 अप्रैल से बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार
8 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में 9 अप्रैल से देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में 9 अप्रैल को कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा 10 और 11 अप्रैल को भी इन क्षेत्रों के साथ-साथ निचले इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में गरज के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 9 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिएअलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि 5 से 8 अप्रैल तक किसी भी जिले में गरज-चमक या तूफानी गतिविधियों की चेतावनी नहीं है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
