HimachalPradesh

शिलाई के पशमी गांव में महासु महाराज मंदिर का शिखा पूजन संपन्न

शिलाई के पशमी गांव में महासु महाराज मंदिर का शिखा पूजन

नाहन, 13 अप्रैल (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पशमी गांव में रविवार को महासु महाराज मंदिर की शिखा पूजन (मंदिर प्रतिष्ठा) विधिवत रूप से सम्पन्न हुई। इस शुभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पूजा-अर्चना में भाग लिया और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

पूरे धार्मिक वातावरण में सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रसिद्ध हनोल धाम से महासु महाराज अपने पांच डोरियों के साथ पधारे। पंडितों ने विधिविधान से शिखा पूजन की प्रक्रिया पूरी की, जिससे मंदिर की प्रतिष्ठा का कार्य सम्पन्न हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश को देवी-देवताओं की भूमि कहा जाता है, और महासु महाराज यहां के प्रमुख लोकदेवता माने जाते हैं। उत्तराखंड और हिमाचल की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता को यह आयोजन और भी प्रगाढ़ करता है।

विशेष बात यह रही कि आने वाले समय में महासु महाराज के चालदा स्वरूप के भी पशमी गांव में पधारने की संभावना है, जिसके लिए एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस पावन अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व विधायक पांवटा सुखराम चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंदिर प्रतिष्ठा पर गांववासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की आस्था और परंपराएं ही इसकी असली ताकत हैं। वहीं, मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मकता और सांस्कृतिक चेतना का संचार होता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों का योगदान सराहनीय रहा।

पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और हर कोई भगवान महासु महाराज के जयकारों में लीन नजर आया।

—————

(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर

Most Popular

To Top