HEADLINES

शरीफुल ने मुंबई पुलिस को किया गुमराह, नदिया में खुकुमणि की तलाश नाकाम

Crime

कोलकाता, 27 जनवरी (Udaipur Kiran) । बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले की जांच में मुंबई पुलिस पश्चिम बंगाल पहुंची। आरोपित शरीफुल इस्लाम से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने नदिया जिले के चापड़ा इलाके में एक व्यक्ति ‘खुकुमणि जहांगीर शेख’ की तलाश की। लेकिन दिए गए पते पर ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला, जिससे पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। हमलावर ने दावा किया था कि इसी व्यक्ति के पास वह रहा था। बांग्लादेश की सीमा पर अवैध तरीके से घुसपैठ के बाद नदिया में वह लंबे समय तक रह चुका है। इसके बाद मुंबई गया था।सैफ पर हमले के दो दिन बाद, मुंबई के बांद्रा स्टेशन के पास से शरीफुल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में पता चला कि वह बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आया था। जांच में यह भी सामने आया कि शरीफुल ने बंगाल में एक महिला के नाम पर सिम कार्ड खरीदा। इस सिम का उपयोग कर उसने सैफ की गतिविधियों पर नजर रखी और उनके घर में डकैती का प्रयास किया। सैफ के विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।मुंबई पुलिस ने सिम कार्ड के स्रोत को सिलीगुड़ी के पास पानीटंकी से जोड़ा और यह भी पता लगाया कि शरीफुल कुछ दिन कोलकाता में रुका था। रविवार को मुंबई पुलिस की टीम कोलकाता पहुंची और सोमवार को नदिया के चापड़ा में ‘खुकुमणि’ की तलाश की। हालांकि, बारो अंदुलिया इलाके में तलाशी के बाद भी खुकुमणि नाम के किसी व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला। स्थानीय निवासियों ने भी ऐसे किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस को अब शक है कि शरीफुल ने उन्हें गुमराह करने के लिए गलत जानकारी दी।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top