
नई टिहरी, 07 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जिले के भिलंगना ब्लॉक के पौनाड़ा गांव में श्रीमद् भागवत कथा सुनकर लौट रहा लोदस गांव के लोगों का एक ओवरलोड पिकअप वाहन भटगांव-पौनाड़ा मोटर मार्ग पर कथा स्थल से एक किमी आगे डामकोट में अनियंत्रित होकर 10 मीटर नीचे खेतों में जा गिरा। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य घायल हो गए।
सीएचसी बेलेश्वर में भर्ती 7 घायलों में से तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया है। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। जिनमें से 11 लोग छिटक कर सुरक्षित बच निकले। बताया जा रहा है कि जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई वह जर्जर और कच्चा है। पुलिस और राजस्व प्रशासन ने मृतकों का पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बालगंगा के नायब तहसीलदार बिरम सिंह पंवार ने बताया कि दुध्याड़ी देवी मंदिर पौनाड़ा में भागवत कथा चल रही थी। जिसमें शामिल होने के लिए सोमवार को लोदस गांव के कई लोग गए थे। कथा सुनने के बाद 20 लोग शाम साढ़े 5 बजे पिकअप वाहन संख्या यूके09सीए-0332 में सवार होकर वापस गंतव्य को लौट रहे थे। तभी वाहन डामकोट के पास अनियंत्रित होकर 10 मीटर नीचे खेतों में जा लुढ़का। वाहन ओवरलोड था।
हालांकि नीचे गिरते ही 12 लोग सुरक्षित इधर-उधर छिटक गए। सूचना पर राजस्व प्रशासन, थाना घनसाली पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू चलाकर घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी बेलेश्वर ले गए। लेकिन इस बीच रास्ते में ही घायल रचना (13) पुत्री शूरवीर सिंह निवासी लोदस घनसाली ने दम तोड़ दिया। जबकि उपचार के दौरान जोत सिंह (58) पुत्र रूप सिंह की भी मौत हो गई। दुर्घटना में गंभीर घायल जगदेई देवी (60) पत्नी भगवान सिंह, रोहित (18) पुत्र कुंवर सिंह, सोहन सिंह (17) पुत्र मकान सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया है।
नायब तहसीलदार पंवार ने बताया कि दुर्घटना में अंकिता (15) पुत्री सोहन सिंह, पूनम (21) पुत्री कुंवर सिंह, गीता (29) पुत्री संजय, साक्षी (14) पुत्री विजेंद्र सिंह सभी निवासी लोदस का इलाज सीएचसी बेलेश्वर में चल रहा है। चिकित्साधिकारी डॉ. शिव प्रसाद भट्ट ने बताया कि चारों की स्थिति खतरे से बाहर है।
(Udaipur Kiran) /प्रदीप डबराल
(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार
