Uttar Pradesh

केंद्र सरकार के 11 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित:भूपेंद्र चौधरी

—मोदी सरकार के सफलतम 11 साल पूरे होने पर भाजपा की वर्चुअल बैठक

वाराणसी 09 जून (Udaipur Kiran) । भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 11 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इस अवधि को विकसित भारत का अमृत काल के रूप में चिन्हित किया गया है,जो सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित है।

प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश, क्षेत्र, जिला व महानगर के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार के जनकल्याण के कार्यों को लेकर जनता के बीच में जाकर उन्हें बताएं। वर्चुअल बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना पूरा हो रहा है। केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां को आम जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जाएगा। यह जन संपर्क अभियान आज सोमवार से प्रारंभ होकर 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक चलेगा।

संगठन महामंत्री ने बताया कि इस अभियान के संदर्भ में पूरे प्रदेश में 10 जून को पत्रकार वार्ता करनी है। 11 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां को प्रदर्शनी के माध्यम से 11 या 12 जून को प्रदर्शित करना है। 11 जून को ही प्रोफेशनल मीट करना है। जिसमें डॉक्टर, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, इंजीनियर, वैज्ञानिक, संतजन शामिल हो। उन्होंने कहा कि इसकी सूची पहले से ही बना लेनी चाहिए और इसका रिकॉर्ड भी मेंटेन करें। उन्होंने विशेष जोर देकर कहा कि संख्या भले ही कम हो मगर प्रोफेशनल लोग ही शामिल हो। उन्होंने कहा कि यह संगोष्ठी कार्यालय से इतर आयोजित की जाय। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बताया कि मंडल स्तर पर 13 से 15 जून तक संकल्प सभाएं होंगी । 21 जून को योग दिवस का आयोजन मंडल स्तर पर करना है। 15 से 17 जून के बीच में शक्ति केंद्र पर चौपाल का आयोजन करना है। संगठन महामंत्री ने कहा कि प्रदेश में 162000 बूथ है। कम से कम डेढ़ लाख बूथों पर 23 जून को डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर संगोष्ठी आयोजित करना है। 25 जून को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर इससे संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन होगा,जिसमें विशेष रूप से युवाओं को बुलाकर उन्हें इसकी जानकारी दी जाय । उन्होंने कहा कि 29 जून को प्रत्येक बूथों पर मन की बात सुनने के साथ ही डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का चित्र लगाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करें। इसके बाद पौधारोपण के तहत् कम से कम 10 पौधे अवश्य लगाने की कोशिश करें। आयुष्मान पंजीकरण कैंप लगवाएं जाए। आयुष्मान पंजीकरण व साहित्य वितरण का कार्य प्रत्येक शक्ति केंद्र के साथ बूथों पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथों पर घर-घर जाकर 70 वर्ष से अधिक लोगों का डिटेल इकट्ठा करें फिर योग्य पात्रों की सूची संगठन को उपलब्ध करावें जिससे उनका आयुष्मान पंजीकरण हो सके।

वर्चुअल बैठक में मुख्य रूप क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी व मीना चौबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेन्द्र राय, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, महानगर महामंत्री नवीन कपूर, क्षेत्रीय आईटी संयोजक विजय गुप्ता,किशोर सेठ आदि ने भाग लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top