
सिवनी, 17 मई (Udaipur Kiran) । सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र में बीती देर रात दो सगे भाईयों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस घटना को आक्राेशित परिजनाें और ग्रामीणाें ने शनिवार सुबह हमलावरों को पकड़कर शराब दुकान में आग लगा दी और मंडला रोड पर चक्काजाम कर दिया। मंडला रोड पर स्थित तहसील मुख्यालय केवलारी में जनाक्रोश और तनाव की स्थिति निर्मित है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझा रहे हैं, लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर अड़े हैं।
दरअसल घटना केवलारी मुख्यालय में ग्राम परासपानी गांव में शुक्रवार रात की है। परिजनाें ने बताया कि अमन बघेल (20) और भूपेश बघेल (25) केवलारी आए थे। इसी दौरान गांव के ठाकुर परिवार ने दोनों को खेरमाई मंदिर के पास खिरका मोहल्ले में बुलाया। यहां दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। परिजनों ने कमल ठाकुर नाम के व्यक्ति पर हत्या किए जाने के आरोप लगाये है। घायल युवकों को पहले केवलारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों का पोस्टमॉर्टम शनिवार को सिवनी में किया जाएगा। इस घटना को लेकर केवलारी मुख्यालय में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम किया गया। आक्रोशित लोगों ने बस स्टेंड स्थित शराब दुकान को आग के हवाले कर दिया है। वही स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक एस. के. मेहता ने बताया कि अभी केवलारी की स्थिति नियंत्रण में है तथा आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिसके लिए प्रयास किये जा रहे है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
(Udaipur Kiran) / रवि सनोदिया
