Sports

सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप: 5वें दिन के मुकाबलों में झारखंड, एमपी और उत्तराखंड ने दर्ज की जीत

सीनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप

पंचकूला, 05 मार्च (Udaipur Kiran) । 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के पांचवे दिन डिवीजन ‘A’ के मुकाबले शुरू हुए, जहां हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी झारखंड ने शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा, हॉकी उत्तराखंड ने डिवीजन ‘B’ में अपना मुकाबला जीतकर डिवीजन ‘A’ में प्रमोशन हासिल किया।

डिवीजन ‘B’: उत्तराखंड की धमाकेदार जीत

हॉकी उत्तराखंड ने असम हॉकी को 9-0 से हराया, जिससे उसने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और पूल A में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ टीम अगले सत्र में डिवीजन ‘A’ में खेलेगी। प्रीति शर्मा (16’, 18’, 52’) और वर्तिका रावत (23’, 35’, 45’) ने शानदार हैट्रिक लगाई। कप्तान ममता भट्ट (4’, 57’) और हेमा सिंह (19’) ने भी गोल किए।

डिवीजन ‘A’: कड़े मुकाबले और जीत

हॉकी मध्य प्रदेश ने उत्तर प्रदेश हॉकी को 2-1 से हराया और तीन अहम अंक अर्जित किए। हृतिक सिंह (7’) ने पहला गोल किया। राजनी बाला (31’) ने बराबरी का गोल किया। नीलू दड़िया (53’) ने पेनल्टी कॉर्नर पर निर्णायक गोल कर मध्य प्रदेश को जीत दिलाई।

वहीं दूसरे मुकाबले में हॉकी झारखंड ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 9-2 से हराकर दमदार शुरुआत की। एलिन डुंगडुंग (13’, 24’) और कप्तान अलबेला रानी टोप्पो (17’, 34’) ने दो-दो गोल किए। प्रमोदिनी लकड़ा (15’), होरो संजना (27’), रजनी केकेटा (39’), सुषमा कुमारी (50’) और निक्की कुल्लू (60’) ने भी गोल दागे। तमिलनाडु के लिए एस सोनिया (31’) और वैरावी एम (51’) ने सांत्वना गोल किए।

डिवीजन ‘C’: बीते दिन के मुकाबले

हॉकी आंध्र प्रदेश ने ले पुडुचेरी हॉकी को हराया (2-0)। लोटिया मैरी (50’) और पट्टन मुजिया बेगम (58’) ने देर से गोल कर टीम को जीत दिलाई।

जबकि हॉकी अरुणाचल और हॉकी जम्मू-कश्मीर का मुकाबला बिना किसी गोल के ड्रॉ रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top