
9.5 करोड रुपए राशि का जारी टेंडर निरस्त किया गया
चंदेरी, 1 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । चंदेरी स्थित स्वयं सिद्ध पीठ मां जागेश्वरी देवी मंदिर पर मां जागेश्वरी लोक के निर्माण की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन शिवराज सिंह चौहान द्वारा 1 अक्टूबर 2023 को चंदेरी में की गई थी, इसके पश्चात 3 अक्टूबर 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा खनिज साधन विभाग के माध्यम से 20 करोड रुपए की राशि का बजट आवंटन किया था, जिसके बाद समस्त शासकीय प्रक्रियाएं होने के उपरांत मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम मर्यादित भोपाल के द्वारा 16 अक्टूबर 2024 को टेंडर क्रमांक 117/ 2024 के माध्यम से 9.5 करोड रुपए राशि का पहला टेंडर जारी किया गया था, जिसके लिए 5 नवंबर 2024 की तिथि अंतिम रखी गई थी।
इस अंतिम तिथि के निकल जाने के पश्चात और निर्माण कार्य प्रारंभ ना हो पाने के फल स्वरुप यह जानकारी इकट्ठी की गई कि, स्थिति क्या है, तब यह पता लगा कि पहले टेंडर को निरस्त कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम मर्यादित भोपाल कार्यालय से जब इस संबंध में पूछताछ की गई तब बताया गया कि, किन्ही अपरिहार्य एवं तकनीकी कारणों से टेंडर को निरस्त कर दिया गया है और दोबारा से सर्वे कार्य आदि कराकर पुनः टेंडर जारी किया जाएगा, जिसमें एक दो सप्ताह का समय लग सकता है।
*100 करोड रुपए राशि की मांग की गई थी*
मां जागेश्वरी लोक के निर्माण के लिए चंदेरी वासियों द्वारा 100 करोड रुपए की राशि का आवंटन किए जाने की मांग की गई थी, जिस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 20 करोड रुपए की राशि का ही आवंटन किया गया था। यह राशि मां जागेश्वरी लोक निर्माण के लिए बहुत कम है, क्योंकि जिस प्रकार भव्य एवं दिव्य लोक का निर्माण होना है उसके लिए इस बजट राशि को 100 करोड रुपए किया जाना चाहिए, जिसके लिए मां जागेश्वरी के भक्त जनों ने मध्य प्रदेश राज्य शासन से मांग की है, कि इस 20 करोड रुपए की राशि को बढ़ाकर 100 करोड रुपए किया जाए ताकि मां जागेश्वरी का जो लोक बने वह अत्यंत भव्य एवं दिव्य बने कारण कि चंदेरी एक पर्यटन नगरी है और यहां पर्यटन विकास के लिए मां जागेश्वरी के लोक को भव्य एवं दिव्य बनाया जाना जरूरी है, जिससे कि पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके जिससे धार्मिक पर्यटन की संभावना प्रबल हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार/निर्मल
—————
(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा
