
-आसमान से लगातार तीन घंटे तक बरसती रहीं फुहारें
ग्वालियर, 05 मई (Udaipur Kiran) । पिछले चार दिनों से मौसम बदला हुआ है। इसी क्रम में सोमवार को दोपहर बाद लगभग तीन घंटे तक आसमान से सावन जैसी फुहारें बरसती रहीं। इस दौरान शहर में 3.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिन तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। इस दौरान ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में बादलों की आवा-जाही के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
सोमवार को सुबह से दोपहर बाद तक धूप खिली रही। दोपहर लगभग डेढ़ बजे से मौसम बदला और पूरा आसमान घने बादलों से पट गया। इसके साथ ही धूल भरी आंधी चलने लगी। तेज हवाएं थमने के बाद दोपहर लगभग पौने दो बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद बूंदों ने रुकने का नाम नहीं लिया। शाम लगभग पौने पांच बजे तक कभी हल्की बूंदाबांदी तो कभी फुहारों के रूप में बारिश होती रही। इसके चलते मौसम कूल-कूल हो गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार इस समय पंजाब और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पूर्वाेत्तर राजस्थान और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग दो चक्रवातीय परिसंचरण बने हुए हैं। राजस्थान से मध्यप्रदेश, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक एक द्रोणिका लाइन गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से हवा में नमी की मात्रा काफी बढ़ गई है। इसी कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के अनुसार एक साथ सक्रिय चार मौसम प्रणालियों की वजह से अगले तीन दिन तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। बादल-आते-जाते रहेंगे। इस दौरान ग्वालियर एवं चंबल संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 55 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी 95 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 72 प्रतिशत अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक तापमान में ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है। तीन दिन बाद अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।
(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा
