
जयपुर, 26 मई (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाड़मेर में दिए गए बयान को लेकर राजनीति गर्मा गई है। हरियाणा भाजपा प्रभारी और राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने गहलोत पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से सेना के पराक्रम पर सवाल उठाती आई है। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एकजुट होकर आतंकवाद का मुकाबला कर रहा है, तब भी कांग्रेस सस्ती राजनीति कर रही है।
डॉ. पूनियां ने कहा कि भारत की सेना ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस अभियान की देश ही नहीं, विदेशों में भी सराहना हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी जमकर तारीफ हो रही है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता सेना की बहादुरी और सरकार की नीति पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास अब सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार की तारीफ और अनर्गल बयानबाजी ही बची है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे सांस्कृतिक संगठन पर भी कांग्रेस बार-बार निशाना साधती है, जो उसकी मानसिकता को दर्शाता है।
पूनियां ने आरोप लगाया कि गहलोत का बयान न सिर्फ सेना के पराक्रम का अपमान है, बल्कि यह देश की एकता और सम्मान को भी ठेस पहुंचाता है।
भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है? जब पूरी दुनिया भारत के इस कदम का समर्थन कर रही है, तो कांग्रेस किसके इशारे पर देश के मजबूत नेतृत्व के खिलाफ बोल रही है?
डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, जबकि कांग्रेस के नेताओं के लिए केवल गांधी परिवार की सेवा ही सबसे बड़ा काम है। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस के दोहरे रवैये को भली-भांति समझ चुकी है और ऐसे बयानों से कांग्रेस की पोल खुल रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
