
रांची, 5 मई (Udaipur Kiran) ।
राजधानी रांची में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उपेक्षा किए जाने पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कडी नाराजगी प्रकट की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर नाराजगी प्रकट की है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में संजय सेठ ने कहा है कि कांके प्रखंड के सुकुरहुट्टू के बरवाटांड़ में सरना टोली से रिंग रोड तक एक सड़क का निर्माण होना है। उपरोक्त सड़क निर्माण की स्वीकृति उनकी अनुशंसा पर आरआरडीए की ओर से दी गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को उक्त सड़क के निर्माण कराने के लिए आश्वस्त किया था। लेकिन यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि उपरोक्त सड़क का शिलान्यास उनकी अनुपस्थिति में कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शिलापट्ट में उनका नाम जरूर है, लेकिन उसकी कोई सूचना उन्हें या उनके कार्यालय को नहीं दी गई।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी दिशा समिति की बैठकों में यह स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी योजना के उद्घाटन-शिलान्यास में सभी जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना दी जाए। बावजूद इसके इस विषय पर जिला प्रशासन सहित किसी भी अधिकारी का ध्यान नहीं है।
पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा है कि यह स्थिति लोकतंत्र के अच्छा नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र विधायिका और कार्यपालिका के सहयोग से ही आगे बढ़ता है। निश्चित रूप से विकास के कार्य होते हैं तो जनप्रतिनिधि भी उसका माध्यम बनते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की यह उपेक्षा लोकतंत्र का अपमान है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस दिशा में झारखंड के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें। ताकि, राज्य का कोई भी जनप्रतिनिधि योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सके।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
