Uttar Pradesh

‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ गोवा में 17 मई से

‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’की पीसी

-महोत्सव में हिन्दुत्वनिष्ठ विचारक, केंद्रीय मंत्री, कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे

वाराणसी, 13 मई (Udaipur Kiran) । सनातन संस्था के संस्थापक डॉ. जयंत बालाजी आठवले के 83वें जन्मोत्सव तथा संस्था के रजत महोत्सवी वर्ष में 17 से 19 मई के बीच गोवा में ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ का आयोजन किया गया है। महोत्सव में कुल 23 देशों से हिन्दूओं के अलावा राष्ट्र एवं धर्म की रक्षा के लिए समर्पित संत, महंत, हिन्दुत्वनिष्ठ विचारक, केंद्रीय मंत्री, कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे।

मंगलवार को गोलघर स्थित पराड़कर भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी सनातन संस्था की प्राची जुवेकर ने दी। उन्होंने बताया कि गोवा के इंजीनियरिंग काॅलेज के मैदान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश तथा बिहार से 250 से अधिक साधक और धर्मप्रेमी हिन्दू भी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि डॉ. आठवले के मार्गदर्शन में पिछले 25 वर्षों से सनातन संस्था एक आदर्श एवं संस्कारित पीढ़ी निर्माण के लिए अथक प्रयास कर रही है। रजत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में हम भारत में रामराज्य के स्वरूप ‘सनातन राष्ट्र का सामूहिक संकल्प कर रहे हैं। इससे सभी आध्यात्मिक संस्थाओं और हिन्दू संगठनों के बीच धर्मबंधुत्व और भी अधिक प्रगाढ होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान भारत के समक्ष खड़ी आंतरिक और बाह्य चुनौतियों का सामना करने हेतु सनातन धर्म, उसके मूल्य और उसकी रक्षा अत्यावश्यक हो गई है। गो, गंगा, गायत्री, मंदिर, वेद आदि धर्मग्रंथों को पुनः गौरव प्राप्त कराने हेतु इस महोत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव को भी आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतिम दिन 19 मई को विश्‍व कल्याण एवं सनातन धर्मियों के आरोग्य के लिए महाधन्वंतरि यज्ञ होगा। इसमें सनातन धर्म की सेवा में वर्षों से समर्पित होकर विशेष कार्य करने वाले हिन्दू वीरों को ‘हिन्दू राष्ट्ररत्न’ (जीवन गौरव) पुरस्कार, धर्म के लिए संघर्ष करने वाले रक्षकों को ‘सनातन धर्मश्री’ पुरस्कार भी दिया जाएगा। वार्ता में अधिवक्ता सुभाष नंदन चतुर्वेदी, हिन्दू जनजागृति समिति के राजन केशरी भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top